एक बच्चा बोरे में तो दूसरा गोद में : भीड़ ने कर दी महिला की पिटाई…

0
75

रायपुर । छत्तीसगढ़ की राजधानी रायपुर में बच्चा चोरी की कोशिश का मामला सामने आया है। खम्हारडीह थाना क्षेत्र के पार्वती नगर में एक महिला को दो मासूम बच्चों को ले जाते हुए परिजनों ने पकड़ लिया। आरोप है कि महिला एक बच्चे को बोरे में भरकर और दूसरे को गोद में लेकर भाग रही थी।

जानकारी के अनुसार, बच्चों के पिता को महिला की गतिविधियों पर शक हुआ। उन्होंने पीछा कर महिला को पकड़ लिया। महिला के पकड़े जाते ही बड़ी संख्या में स्थानीय लोग मौके पर जमा हो गए। इलाके में पहले से बच्चा चोरी की अफवाहों और घटनाओं की चर्चाओं के चलते लोगों में आक्रोश था। गुस्साई भीड़ ने महिला की पिटाई कर दी, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गई।

सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और महिला को भीड़ से बचाकर अंबेडकर अस्पताल में भर्ती कराया। डॉक्टरों के अनुसार महिला की हालत नाजुक बनी हुई है।

बताया जा रहा है कि सुबह करीब 4 बजे स्थानीय लोग आरोपी महिला को खम्हारडीह थाने लेकर पहुंचे थे। स्थिति तनावपूर्ण होने के कारण पुलिस को अतिरिक्त बल तैनात करना पड़ा, ताकि कानून-व्यवस्था बनी रहे।

स्थानीय लोगों का दावा है कि महिला अकेली नहीं थी और उसके साथ बच्चा चोरी का एक गिरोह सक्रिय हो सकता है। महिला के पकड़े जाने के बाद उसके साथी मौके से फरार हो गए। पुलिस इस मामले को संगठित गिरोह से जोड़कर जांच कर रही है और फरार आरोपियों की तलाश जारी है।

पुलिस अधिकारियों का कहना है कि मामले की गंभीरता से जांच की जा रही है और तथ्यों के आधार पर आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी।

0Shares

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here