कलेक्टर ने किया छोटेडोंगर के सामुदायिक स्वास्थ्य केन्द्र का औचक निरीक्षण

सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में संचालित व्यवस्था का लिया जायजा
नारायणपुर । शासन की मंशानुसार जिले के ग्रामीण एवं दूरस्थ आदिवासी क्षेत्रों में भी स्वास्थ्य सुविधायें मुहैय्या करायी जा रही है। लोगों तक डाक्टर एवं स्वास्थ्य अमला पहुंचकर स्वास्थ्य सुविधायें प्रदान किया जा रहा है। चिकित्सालय पहुंचने वाले मरीजों को बेहतर चिकित्सा सुविधा मिले इसके लिए जिला प्रशासन कटिबद्ध है। समाधान शिविर छोटेडोंगर में शामिल होने के पश्चात् कलेक्टर प्रतिष्ठा ममगाईं ने छोटेडोंगर के सामुदायिक स्वास्थ्य केन्द्र का निरीक्षण किया। इस दौरान कलेक्टर ने स्वास्थ्य केन्द्र में भर्ती किये गये मरीजों से बातचीत की और उनके बीमारी और ईलाज के बारे में डाक्टरों को आवश्यक दिशा निर्देश दिये।


इस दौरान डॉक्टर ने सामुदायिक स्वास्थ्य केन्द्र में उपस्थित स्टाफ, प्रतिदिन आने वाले मरीजों की संख्या, उपलब्ध दवाओं और सुविधाओं की विस्तार से जानकारी दी। कलेक्टर ने मरीजों को दी जाने वाली सुविधाओं की जानकारी ली। उन्होंने स्वास्थ्य केन्द्र की सुविधाओं को और बेहतर करने निर्देश दिये। उन्होने अस्पताल में चल रही गतिविधियों का बारीकी से अवलोकन करते हुए स्वास्थ्य केन्द्र के पुरूष वार्ड, महिला वार्ड, लेबर रूम सहित अन्य वार्डाे का निरीक्षण किया। कलेक्टर ने सामुदायिक स्वास्थ्य केन्द्र का निरीक्षण करते हुए उपस्थित डॉक्टर कश्यप को शीघ्र पोषण पुर्नवास केन्द्र संचालित करने के निर्देश दिये। निरीक्षण के दौरान जिला पंचायत के मुख्य कार्यपालन अधिकारी आकांक्षा शिक्षा खलखो, अपर कलेक्टर बीरेन्द्र बहादुर पंचभाई, एसडीएम गौतमचंद पाटिल, डॉ. डीके कश्यप सहित अधिकारीगण मौजूद थे।
