पुडुचेरी चुनाव से पहले NDA में सीटों पर समझौता, AINRC 16 और BJP 14 सीटों पर लड़ेगी
चेन्नई पुडुचेरी विधानसभा चुनाव से पहले राष्ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन (एनडीए) में सीट बंटवारे को लेकर सहमति बन गई है। समझौते के तहत अखिल भारतीय एन.आर. कांग्रेस (AINRC) 16 सीटों पर और भारतीय जनता पार्टी (BJP) 14 सीटों पर चुनाव लड़ेगी।
यह सहमति मुख्यमंत्री एन. रंगासामी और केंद्रीय मंत्री मनसुख मांडविया के बीच हुई अहम बातचीत के बाद बनी। इस समझौते के साथ ही एनडीए गठबंधन ने चुनावी तैयारियों को अंतिम रूप देना शुरू कर दिया है। पुडुचेरी की सभी 30 विधानसभा सीटों पर मतदान 9 अप्रैल को एक ही चरण में कराया जाएगा।
सूत्रों के अनुसार, मुख्यमंत्री रंगासामी जल्द ही अपना नामांकन दाखिल कर सकते हैं और इस बार उनके दो सीटों से चुनाव लड़ने की संभावना भी जताई जा रही है। अब यह भी साफ हो गया है कि पुडुचेरी में AINRC ही एनडीए गठबंधन का नेतृत्व करेगी।
इस समझौते से पहले यह अटकलें लगाई जा रही थीं कि रंगासामी एनडीए से अलग होकर अभिनेता विजय की पार्टी तमिलगा वेट्री कज़गम (TVK) के साथ गठबंधन कर सकते हैं। हालांकि, भाजपा ने तेजी दिखाते हुए केंद्रीय मंत्री मनसुख मांडविया को विशेष विमान से पुडुचेरी भेजा, जिसके बाद स्थिति स्पष्ट हो गई और गठबंधन बरकरार रहा।
दूसरी ओर, कांग्रेस और डीएमके (DMK) के बीच गठबंधन को लेकर स्थिति अभी भी स्पष्ट नहीं हो पाई है। कांग्रेस जहां पुडुचेरी में धर्मनिरपेक्ष प्रगतिशील गठबंधन (SPA) का नेतृत्व करना चाहती है, वहीं तमिलनाडु के मुख्यमंत्री एम.के. स्टालिन के नेतृत्व वाली डीएमके ने भी नेतृत्व का दावा किया है। नामांकन की अंतिम तिथि नजदीक होने के कारण इस गठबंधन पर जल्द ही कोई बड़ा फैसला सामने आ सकता है।
इस बीच, मुख्यमंत्री रंगासामी ने चुनाव से पहले तमिलनाडु के विभिन्न मंदिरों में दर्शन कर जीत के लिए आशीर्वाद भी लिया। उन्होंने सलेम, तिरुचेंदूर और मदुरै के प्रमुख मंदिरों में पूजा-अर्चना की।
राजनीतिक विश्लेषकों का मानना है कि सीट बंटवारे के इस समझौते से पुडुचेरी में एनडीए की स्थिति मजबूत हुई है और चुनावी मुकाबला और दिलचस्प हो गया है।
























