बीरगांव में पुलिस-नगर निगम की संयुक्त कार्रवाई, सड़क किनारे अवैध अतिक्रमण हटाया

0
246

बीरगांव में पुलिस-नगर निगम की संयुक्त कार्रवाई, सड़क किनारे अवैध अतिक्रमण हटाया

बीरगांव। थाना उरला क्षेत्र अंतर्गत बीरगांव नगर निगम मुख्य मार्ग पर बुधवार को पुलिस और नगर निगम बीरगांव की संयुक्त टीम ने अवैध अतिक्रमण के खिलाफ विशेष अभियान चलाकर सड़क किनारे किए गए कब्जों को हटाया। इस कार्रवाई से मुख्य मार्ग पर यातायात व्यवस्था सुचारु हो गई और आम लोगों को राहत मिली।

यह कार्रवाई पुलिस उपायुक्त (नार्थ जोन) मयंक गुर्जर के निर्देशन में अतिरिक्त पुलिस उपायुक्त आकाश मरकाम, सहायक पुलिस आयुक्त पूर्णिमा लामा तथा सहायक पुलिस आयुक्त (यातायात) रमेश येरेवार की मौजूदगी में की गई।

संयुक्त टीम ने सड़क किनारे अनाधिकृत रूप से संचालित दुकानों, ठेलों, गुमटियों और अन्य अस्थायी व्यवसायिक प्रतिष्ठानों को हटाया। अधिकारियों के अनुसार कई स्थानों पर सड़क और फुटपाथ पर अवैध कब्जा होने से आम नागरिकों और वाहन चालकों को आवागमन में परेशानी हो रही थी।

कार्रवाई के दौरान संबंधित संचालकों को समझाइश दी गई कि वे भविष्य में अवैध अतिक्रमण न करें और निर्धारित स्थानों पर ही व्यवसाय संचालित करें। पूरी कार्रवाई शांतिपूर्ण और व्यवस्थित तरीके से बिना बल प्रयोग के संपन्न की गई।

अधिकारियों ने बताया कि अतिक्रमण हटने से मुख्य मार्ग पर यातायात व्यवस्था फिर से सुचारु हो गई है और लोगों को काफी राहत मिली है। पुलिस प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि शहर में यातायात व्यवस्था को सुगम और सुरक्षित बनाए रखने के लिए आगे भी अवैध अतिक्रमण के खिलाफ अभियान लगातार जारी रहेगा।

 

0Shares

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here