महँगी गाड़ियों में घूमने का शौक बना चोरी की वजह : 02 नाबालिग सहित कुल 04 आरोपी गिरफ्तार

0
27

रायपुर

महंगी गाड़ियों में घूमने का शौक कुछ युवकों को अपराध की राह पर ले गया। राजधानी के डीडी नगर थाना क्षेत्र में मोटरसाइकिल का टायर चोरी करने वाले गिरोह का पुलिस ने पर्दाफाश करते हुए दो नाबालिग समेत कुल चार आरोपियों को गिरफ्तार किया है।

पुलिस के अनुसार, आरोपियों ने इन्द्रप्रस्थ कॉलोनी फेस-2 निवासी परमेश्वर सिंह की यामाहा आर-15 मोटरसाइकिल का पिछला टायर निकालकर चोरी की वारदात को अंजाम दिया था। इस संबंध में थाना डीडी नगर में अपराध क्रमांक 158/26 के तहत मामला दर्ज किया गया था।

ऐसे हुई वारदात

प्रार्थी ने शिकायत दर्ज कराई थी कि उन्होंने अपनी बाइक घर के पास खड़ी की थी। अगले दिन सुबह पड़ोसी ने जानकारी दी कि बाइक का पिछला चक्का और कुछ पार्ट्स गायब हैं।

मामले की सूचना मिलते ही पुलिस उपायुक्त (पश्चिम) संदीप पटेल के निर्देशन में अतिरिक्त पुलिस उपायुक्त राहुल शर्मा और सहायक पुलिस आयुक्त देवांश सिंह राठौर के मार्गदर्शन में सायबर सेल और थाना डीडी नगर की संयुक्त टीम गठित की गई।

सीसीटीवी से मिला सुराग

पुलिस टीम ने आसपास के सीसीटीवी फुटेज और तकनीकी साक्ष्यों का विश्लेषण कर आरोपियों की पहचान की। पूछताछ में आरोपियों ने खुलासा किया कि उनके खुद के वाहन का टायर खराब हो गया था, जिसके चलते उन्होंने दूसरी बाइक का टायर चोरी कर लिया और अपने वाहन में लगा लिया।

चोरी की बाइक भी बरामद

जांच के दौरान पुलिस को आरोपियों के पास से दो मोटरसाइकिल मिलीं, जिनके दस्तावेजों की जांच करने पर वे भी चोरी की निकलीं। आरोपियों की निशानदेही पर एक चोरी का टायर और दो मोटरसाइकिल बरामद की गईं। जब्त सामान की कुल कीमत करीब 3.20 लाख रुपये आंकी गई है।

गिरफ्तार आरोपी

पुलिस ने इस मामले में

  • रेहान खान (19) निवासी मोदहापारा
  • दीपक सिंह (19) निवासी कुशालपुर

के साथ दो विधि से संघर्षरत बालकों को गिरफ्तार किया है।

सभी आरोपियों को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर भेज दिया गया है।

पुलिस टीम की भूमिका

इस कार्रवाई में थाना प्रभारी रविन्द्र कुमार यादव, एसीसीयू प्रभारी सचिन सिंह समेत पुलिस टीम के अन्य जवानों की अहम भूमिका रही।

पुलिस ने कहा है कि शहर में चोरी और असामाजिक गतिविधियों के खिलाफ आगे भी इसी तरह सख्त कार्रवाई जारी रहेगी।

0Shares

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here