रायपुर में अवैध शराब तस्करी पर पुलिस की कार्रवाई, युवक गिरफ्तार, 21.6 लीटर शराब जब्त

0
33

रायपुर में अवैध शराब तस्करी पर पुलिस की कार्रवाई, युवक गिरफ्तार, 21.6 लीटर शराब जब्त

रायपुर  राजधानी रायपुर में अवैध शराब के परिवहन पर कार्रवाई करते हुए खमतराई पुलिस ने एक आरोपी को गिरफ्तार किया है। आरोपी के कब्जे से भारी मात्रा में शराब और एक मोपेड जब्त की गई है। जब्त सामग्री की कुल कीमत करीब 52,780 रुपये आंकी गई है।

पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, उत्तर जोन के पुलिस उपायुक्त मयंक गुर्जर (आईपीएस) के निर्देशन में क्षेत्र में अवैध गतिविधियों पर लगातार नजर रखी जा रही है। इसी कड़ी में अतिरिक्त पुलिस उपायुक्त आकाश मरकाम और सहायक पुलिस आयुक्त पूर्णिमा लामा के नेतृत्व में थाना खमतराई पुलिस को अवैध शराब तस्करी के खिलाफ कार्रवाई के निर्देश दिए गए थे।

19 मार्च को पुलिस को सूचना मिली कि भनपुरी से मेटल पार्क रावांभाठा की ओर एक व्यक्ति मोपेड टीवीएस जूपिटर (CG 04 PM 7922) में अवैध रूप से शराब लेकर जा रहा है। सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंची और घेराबंदी कर संदिग्ध व्यक्ति को पकड़ लिया।

पूछताछ में आरोपी ने अपना नाम सूर्यप्रकाश मरकाम (26 वर्ष) निवासी जिला बिलासपुर, हाल निवास मोहाडीह, रायपुर बताया। तलाशी के दौरान उसके पास से 81 पौवा देशी शराब (शोले) और 39 पौवा गोल्डन गोवा सुपीरियर व्हिस्की बरामद की गई, जिसकी कुल मात्रा 21.600 बल्क लीटर है।

जब पुलिस ने आरोपी से शराब के संबंध में वैध दस्तावेज मांगे, तो वह कोई कागजात प्रस्तुत नहीं कर सका और टीम को गुमराह करने का प्रयास करता रहा। इसके बाद पुलिस ने उसे गिरफ्तार कर लिया।

आरोपी के कब्जे से अवैध शराब के साथ-साथ घटना में उपयोग की गई मोपेड भी जब्त की गई है। पुलिस ने आरोपी के खिलाफ थाना खमतराई में धारा 34(2) आबकारी एक्ट के तहत मामला दर्ज कर उसे न्यायिक रिमांड पर भेज दिया है।

पुलिस अधिकारियों का कहना है कि शहर में अवैध शराब तस्करी और बिक्री के खिलाफ अभियान लगातार जारी रहेगा और ऐसे मामलों में सख्त कार्रवाई की जाएगी।

0Shares

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here