रायपुर में वाहन चोरी गैंग का खुलासा: 2 चोर और 1 अवैध चाबी बनाने वाला गिरफ्तार, 11 बाइक बरामद
रायपुर राजधानी रायपुर में बढ़ती वाहन चोरी की घटनाओं पर लगाम कसते हुए पुलिस ने बड़ी कार्रवाई की है। थाना खम्हारडीह पुलिस ने दो शातिर वाहन चोरों और एक अवैध चाबी बनाने वाले आरोपी को गिरफ्तार कर उनके कब्जे से 11 दोपहिया वाहन बरामद किए हैं। जब्त वाहनों की कुल कीमत करीब 4 लाख 40 हजार रुपये बताई जा रही है।
पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, ये आरोपी शहर के अलग-अलग थाना क्षेत्रों से सुनियोजित तरीके से दोपहिया वाहन चोरी करते थे। मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस उपायुक्त (नॉर्थ जोन) मयंक गुर्जर (आईपीएस) ने सभी थाना प्रभारियों को विशेष सतर्कता बरतने के निर्देश दिए थे।
इसी क्रम में 19 मार्च को खम्हारडीह पुलिस को सूचना मिली कि कचना स्थित शराब दुकान के पास कुछ संदिग्ध युवक चोरी की बाइक बेचने के लिए ग्राहक तलाश रहे हैं। सूचना मिलते ही अतिरिक्त पुलिस उपायुक्त आकाश मरकाम, सहायक पुलिस आयुक्त पूर्णिमा लामा और थाना प्रभारी डॉ. मानसी नानाभाऊ साकोरे के निर्देशन में पुलिस टीम ने मौके पर पहुंचकर घेराबंदी की और तीनों आरोपियों को पकड़ लिया।
पूछताछ के दौरान आरोपी वाहन के वैध दस्तावेज प्रस्तुत नहीं कर सके। कड़ाई से पूछताछ करने पर उन्होंने चोरी की वारदातों को अंजाम देना स्वीकार कर लिया। जांच में यह भी सामने आया कि आरोपी चोरी किए गए वाहनों की चाबी बनवाने के लिए मोवा निवासी शेख स्वालेह की मदद लेते थे, जो अवैध रूप से डुप्लीकेट चाबी तैयार करता था।
पुलिस ने आरोपियों की निशानदेही पर अलग-अलग स्थानों से कुल 11 चोरी की दोपहिया वाहन बरामद किए हैं। गिरफ्तार आरोपियों में कुलदीप गेंडरे उर्फ जानू (21 वर्ष), करण साहू उर्फ बाका (20 वर्ष) और शेख स्वालेह (40 वर्ष) शामिल हैं।
पुलिस ने एक मामले में धारा 303(2) बीएनएस के तहत अपराध दर्ज कर लिया है, जबकि अन्य बरामद वाहनों के संबंध में अलग से कानूनी कार्रवाई की जा रही है।
पुलिस अधिकारियों का कहना है कि शहर में वाहन चोरी की घटनाओं पर अंकुश लगाने के लिए आगे भी इस तरह की सख्त कार्रवाई जारी रहेगी।
























