‘प्रोजेक्ट धड़कन’ से मिली नई जिंदगी: सफल सर्जरी के बाद पीहू अब पूरी तरह स्वस्थ, परिवार ने जताया मुख्यमंत्री का आभार
बिलासपुर मुख्यमंत्री विष्णु देव साय के नेतृत्व में रायपुर जिला प्रशासन द्वारा संचालित “प्रोजेक्ट धड़कन” एक बार फिर एक बच्चे के लिए जीवनदायी साबित हुआ है। इस पहल के माध्यम से बिलासपुर जिले के ग्राम भोजपुरी की रहने वाली 11 वर्षीय पीहू कारके को गंभीर हृदय रोग से मुक्ति मिली है। सफल ऑपरेशन के बाद पीहू अब पूरी तरह स्वस्थ है और सामान्य जीवन जी रही है। उसके माता-पिता ने इस मानवीय पहल के लिए मुख्यमंत्री के प्रति आभार व्यक्त किया है।
छठवीं कक्षा में अध्ययनरत पीहू लंबे समय से हृदय से जुड़ी बीमारी से जूझ रही थी। इस कारण वह खेल-कूद और अन्य शारीरिक गतिविधियों में भाग लेने में असमर्थ रहती थी। इसी दौरान रायपुर जिला प्रशासन की ओर से पुलिस विभाग के कर्मचारियों और उनके परिवारों के लिए ‘प्रोजेक्ट छांव’ के तहत एक स्वास्थ्य जांच शिविर आयोजित किया गया। पीहू के पिता पुलिस विभाग में कार्यरत हैं और वर्तमान में जगदलपुर में पदस्थ हैं। इस शिविर में पीहू के माता-पिता ने उसकी भी स्वास्थ्य जांच कराई।

जांच के दौरान ‘प्रोजेक्ट धड़कन’ की विशेषज्ञ चिकित्सक टीम ने पीहू के हृदय की विस्तृत जांच की। प्रारंभिक परीक्षण के बाद उसे आगे के इलाज के लिए सत्य साईं हॉस्पिटल, नवा रायपुर रेफर किया गया। वहां विशेषज्ञ डॉक्टरों की निगरानी में आवश्यक परीक्षण किए गए और एक सप्ताह के भीतर उसका सफल ऑपरेशन कर दिया गया।
सर्जरी के बाद पीहू को स्वस्थ अवस्था में अस्पताल से छुट्टी दे दी गई। वर्तमान में वह अपने घर बिलासपुर में पूरी तरह सामान्य जीवन व्यतीत कर रही है। अब वह पहले की तरह पढ़ाई में ध्यान दे रही है और अपनी बहनों तथा दादी के साथ कैरम सहित अन्य खेलों का आनंद भी ले रही है।
पीहू की माता इंद्राणी कारके ने इस पहल के लिए मुख्यमंत्री विष्णु देव साय के प्रति आभार व्यक्त करते हुए कहा कि “प्रोजेक्ट धड़कन” की मदद से उनकी बेटी का समय रहते इलाज संभव हो सका। उन्होंने कहा कि यह योजना न केवल बच्चों को जीवनदान दे रही है, बल्कि जरूरतमंद परिवारों के लिए उम्मीद और भरोसे की नई किरण भी बन रही है।
























