दुर्ग । वॉलीबॉल एसोसिएशन, एस.सी. एवं सी.ए. तथा भिलाई इस्पात संयंत्र के संयुक्त तत्वावधान में स्वर्गीय बीरा सिंह की स्मृति में 20वीं सीनियर छत्तीसगढ़ राज्य अंतर-जिला वॉलीबॉल चैंपियनशिप का आयोजन वॉलीबॉल कॉम्पलेक्स, पंत स्टेडियम सेक्टर-1 भिलाई में किया जा रहा है। चार दिवसीय इस प्रतियोगिता का शुभारंभ 25 दिसंबर को हुआ।
उद्घाटन समारोह में विधानसभा अध्यक्ष डॉ. रमन सिंह मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित रहे। प्रतियोगिता में प्रदेशभर से पुरुष एवं महिला वर्ग की कुल 48 टीमें हिस्सा ले रही हैं, जिनमें महिला वर्ग की 17 और पुरुष वर्ग की 31 टीमें शामिल हैं। डॉ. रमन सिंह ने अपने संबोधन में कहा कि दुर्ग की पावन धरती पर आयोजित यह प्रतियोगिता खेल प्रतिभाओं को आगे बढ़ने का सशक्त मंच प्रदान कर रही है। उन्होंने कहा कि छत्तीसगढ़ के खिलाड़ी अपनी मेहनत और प्रतिभा से प्रदेश व देश का नाम रोशन कर रहे हैं।
इस अवसर पर डॉ. सिंह ने खिलाड़ियों से परिचय प्राप्त कर उनका उत्साहवर्धन किया और उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले 8 खिलाड़ियों—महेन्द्र ध्रुव, अब्दुल्ला, पीहू यादव, दीपेश सिन्हा, कोमल मौर्या, संतोष कुमार, रेखा पदम और विनोद नायर—को सम्मानित किया। साथ ही वॉलीबॉल खेल में विशेष योगदान देने वाले 6 वरिष्ठजनों को भी सम्मानित किया गया।
कार्यक्रम में छत्तीसगढ़ स्टेट वॉलीबॉल एसोसिएशन के अध्यक्ष महेश गागड़ा सहित अनेक पदाधिकारी, जनप्रतिनिधि और खेल प्रेमी उपस्थित रहे।
























