बलरामपुर में 6 करोड़ का गांजा जब्त, तीन अंतर्राज्यीय तस्कर गिरफ्तार

0
64

बलरामपुर । बलरामपुर जिले की पुलिस ने नशे के कारोबार पर बड़ी कार्रवाई करते हुए करीब 6 करोड़ रुपये कीमत का गांजा जब्त किया है। ओडिशा से गांजा लोड कर राजस्थान ले जा रहे तस्करों को पुलिस ने ट्रक सहित गिरफ्तार किया है। आरोपी नारियल के भूसे के अंदर गांजा छिपाकर तस्करी कर रहे थे।

मामला 28 दिसंबर की देर रात का है। थाना बसंतपुर पुलिस को सूचना मिली थी कि उत्तर प्रदेश और छत्तीसगढ़ की सरहद पर स्थित धनवार बॉर्डर के रास्ते एक टाटा ट्रक (RJ 32 GE 0960) में भारी मात्रा में गांजा ले जाया जा रहा है। सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके के लिए रवाना हुई।

धनवार बॉर्डर चेक पोस्ट पर ट्रक को रोका गया। पूछताछ में चालक ने अपना नाम अम्रीश कुमार बताया, जबकि उसके साथ मौजूद दो अन्य लोगों ने अपना नाम अम्बरीश कुमार पटेल और मनीष कुमार बताया। पुलिस को शक होने पर जब ट्रक की तलाशी ली गई तो नारियल के भूसे के नीचे छिपाकर रखा गया गांजा बरामद हुआ।

ट्रक से कुल 40 पैकेट गांजा बरामद किया गया, जिसका कुल वजन 1198.460 किलोग्राम है। जब्त गांजे की अनुमानित कीमत 5 करोड़ 99 लाख रुपये बताई जा रही है। पुलिस ने ट्रक को भी जब्त कर लिया है।

इस मामले में थाना बसंतपुर में अपराध क्रमांक 228/2025 के तहत धारा 20 (बी) (ii) (सी) एनडीपीएस एक्ट में केस दर्ज कर विवेचना शुरू कर दी गई है। तीनों आरोपियों को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर भेज दिया गया है।

गिरफ्तार आरोपी:

अम्रीश कुमार पिता संतलाल, उम्र 23 वर्ष, निवासी पुरे पहलवान शेरशाह समरौता, थाना महाराजगंज, जिला रायबरेली (उ.प्र.) अम्बरीश कुमार पटेल पिता जगदेव प्रसाद पटेल, उम्र 33 वर्ष, निवासी शाह मोहम्मद पूर्व अप्या, थाना नगराम मोहनलालगंज, लखनऊ (उ.प्र.) मनीष कुमार पिता रामभवन, उम्र 20 वर्ष, निवासी मैनझर, थाना शिवरतनगंज, जिला अमेठी (उ.प्र.) पुलिस अब इस तस्करी नेटवर्क से जुड़े अन्य लोगों की तलाश में जुटी हुई है।

0Shares

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here