ऑस्ट्रेलिया ने पांचवां टेस्ट जीता, एशेज पर 4-1 से कब्जा

0
51

सिडनी/नई दिल्ली । ऑस्ट्रेलिया ने इंग्लैंड के खिलाफ पांचवें और अंतिम टेस्ट मैच में गुरुवार को पांच विकेट से जीत दर्ज कर एशेज श्रृंखला 4-1 से अपने नाम कर ली। कुछ तनावपूर्ण और विवादास्पद पलों के बावजूद मेजबान टीम ने 31.2 ओवर में लक्ष्य हासिल कर लिया।

इंग्लैंड ने पहली पारी में 384 रन बनाए थे। दूसरी पारी में जैकब बेथेल के शानदार 154 रन के बावजूद टीम 342 रन पर सिमट गई। ऑस्ट्रेलिया ने पहली पारी में 567 रन बनाकर 183 रन की बढ़त हासिल की थी, जिससे उसे जीत के लिए 160 रन का लक्ष्य मिला।

लक्ष्य का पीछा करते हुए ऑस्ट्रेलिया की पारी में लगातार विकेट गिरने से मुकाबला रोमांचक हो गया। एक विवादास्पद डीआरएस फैसले के बाद मैदान पर तनाव भी देखने को मिला। हालांकि एलेक्स कैरी और कैमरन ग्रीन ने संयम दिखाया और टीम को जीत तक पहुंचाया। कैरी 16 रन और ग्रीन 22 रन बनाकर नाबाद रहे।

यह 39 वर्षीय उस्मान ख्वाजा का आखिरी टेस्ट मैच था। उन्होंने जीत के साथ टेस्ट क्रिकेट को अलविदा कहा। जब वह बल्लेबाजी के लिए उतरे तो इंग्लैंड के खिलाड़ियों ने उन्हें गार्ड ऑफ ऑनर दिया। ख्वाजा सात गेंदों पर छह रन बनाकर आउट हुए। पवेलियन लौटते समय उन्होंने मैदान पर बने ‘थैंक यू उज़ी’ साइन के सामने घुटने टेककर जमीन को चूमा।

ऑस्ट्रेलिया ने पहले तीन टेस्ट जीतकर पहले ही एशेज अपने नाम कर ली थी, जबकि इंग्लैंड ने मेलबर्न में खेले गए चौथे टेस्ट में जीत दर्ज की थी।

श्रृंखला में ऑस्ट्रेलिया का प्रदर्शन हर विभाग में मजबूत रहा। मिचेल स्टार्क ने 31 विकेट लिए और उन्हें प्लेयर ऑफ द सीरीज चुना गया। ट्रैविस हेड ने तीन शतक लगाते हुए 629 रन बनाए। विकेटकीपर एलेक्स कैरी ने कुल 28 शिकार किए। पांचवें टेस्ट में पहली पारी में 163 रन बनाने वाले हेड को मैन ऑफ द मैच चुना गया।

चोटिल पैट कमिंस की गैरमौजूदगी में चार टेस्ट में कप्तानी करने वाले स्टीव स्मिथ ने कहा, “यह शानदार श्रृंखला रही। हर खिलाड़ी ने अलग-अलग समय पर योगदान दिया और यही एक अच्छी टीम की पहचान है।”

इंग्लैंड के कप्तान बेन स्टोक्स ने हार स्वीकार करते हुए कहा, “यह हार पचाना मुश्किल है। हम बेहतर खेल सकते थे। ऑस्ट्रेलिया हर मैच में हमसे आगे रहा और हमारी हार के लिए हम भी जिम्मेदार हैं।”

मैच के आखिरी दिन डीआरएस को लेकर विवाद भी हुआ, जब जेक वेदरल्ड को कैच आउट के बावजूद जीवनदान मिला। टीवी अंपायर ने ठोस सबूत न होने का हवाला देते हुए फैसला पलट दिया, जिससे इंग्लैंड के खिलाड़ी हैरान रह गए।

पांच दिनों तक चले इस मुकाबले में कुल 2,11,032 दर्शक मैदान पहुंचे, जो सिडनी क्रिकेट ग्राउंड के इतिहास में एक रिकॉर्ड है।

0Shares

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here