रायपुर: The Institution of Engineers (India) की छत्तीसगढ़ राज्य शाखा की 23वीं वार्षिक आमसभा 15 फरवरी 2026 को National Institute of Technology Raipur परिसर स्थित गोल्डन टावर में आयोजित की गई। कार्यक्रम की अध्यक्षता राज्य शाखा के चेयरमैन डा संजय कुमार ने की। समारोह में विशिष्ट अतिथि के रूप में जी ई सी एनआईटी रायपुर एलुमनी एसोसिएशन के अध्यक्ष श्री उमेश चितलांगिया उपस्थित रहे।
बैठक में सत्र 2025–2027 के लिए नई कार्यकारिणी की घोषणा की गई।
सेल/सेट भिलाई के महाप्रबंधक श्री पुनीत चौबे ने अध्यक्ष पद का दायित्व संभाला, जबकि शासकीय अभियांत्रिकी महाविद्यालय के प्रोफेसर एवं मैकेनिकल इंजीनियरिंग विभागाध्यक्ष डा. अजय त्रिपाठी ने मानसेवी सचिव (महासचिव) का कार्यभार ग्रहण किया।
कार्यक्रम की शुरुआत में निवर्तमान अध्यक्ष डा संजय कुमार ने स्वागत उद्बोधन देते हुए कहा कि,
राज्य केंद्र निरंतर तकनीकी गतिविधियों के माध्यम से ज्ञान-विनिमय को बढ़ावा देता रहा है। उन्होंने अपने कार्यकाल के दौरान मिले सहयोग के लिए सभी सदस्यों का आभार व्यक्त किया।
इसके पश्चात निवर्तमान मानसेवी सचिव डा. दिलीप सिंह सिसोदिया ने संस्था की वार्षिक गतिविधियों का विस्तृत प्रतिवेदन प्रस्तुत करते हुए सदस्य संख्या में वृद्धि के लिए सभी से सक्रिय सहभागिता का आग्रह किया।
नवनिर्वाचित अध्यक्ष श्री पुनीत चौबे ने संस्था द्वारा सौंपी गई जिम्मेदारी के लिए आभार प्रकट करते हुए कहा कि,
इंजीनियरिंग समुदाय को समाजहित में और अधिक प्रभावी भूमिका निभानी चाहिए। उन्होंने सभी सदस्यों से तकनीकी उन्नयन और सामाजिक विकास में सक्रिय योगदान देने का आह्वान किया।
विशिष्ट अतिथि श्री उमेश चितलांगिया ने अपने संबोधन में कहा कि,
The Institution of Engineers (India) अपनी स्थापना काल से ही तकनीकी एवं इंजीनियरिंग ज्ञान के संवर्धन में अग्रणी रहा है। उन्होंने बताया कि जी ई सी एनआईटी रायपुर एलुमनी एसोसिएशन और The Institution of Engineers (India) छत्तीसगढ़ राज्य शाखा मिलकर प्रदेश में तकनीकी ज्ञान और कौशल विकास को प्रोत्साहित करेंगे। उन्होंने यह भी कहा कि छत्तीसगढ़ में प्रचुर खनिज संपदा उपलब्ध है, जिसका उपयोग पर्यावरण-अनुकूल तकनीकों के माध्यम से किया जाना चाहिए। युवा अभियंताओं से उन्होंने अपील की कि वे एआई और डाटा मैनेजमेंट जैसी नवीनतम प्रौद्योगिकियों में दक्षता प्राप्त करें तथा संस्था से जुड़कर तकनीकी विकास और समाज कल्याण में अपनी भूमिका सुनिश्चित करें।
कार्यक्रम में नाल्को के पूर्व निदेशक श्री अरुण शर्मा, छत्तीसगढ़ पर्यावरण संरक्षण मंडल के पूर्व सदस्य सचिव श्री अनिल शर्मा, राज्य विद्युत नियामक आयोग के पूर्व सचिव श्री पी एन सिंह, जी ई सी एनआईटी रायपुर एलुमनी एसोसिएशन के सचिव श्री कोमल पारेख, आई बी सी के पूर्व अध्यक्ष श्री के के वर्मा, द इंस्टीट्यूशन ऑफ इंजीनियर्स (इंडिया) की छत्तीसगढ़ शाखा के पूर्व अध्यक्ष श्री वी के कासु, पुणे शाखा के पूर्व अध्यक्ष श्री कमल घोष, भिलाई शाखा के पूर्व अध्यक्ष श्री बी पी यादव, श्री शिखर तिवारी, पूर्व मानसेवी सचिव डा नागेन्द्र त्रिपाठी सहित राज्य शासन के सेवानिवृत्त वरिष्ठ अधिकारी एवं रायपुर व भिलाई के सदस्यगण उपस्थित रहे।
अंत में, नए मानसेवी सचिव डा. अजय त्रिपाठी ने धन्यवाद ज्ञापन प्रस्तुत करते हुए जी ई सी एनआईटी रायपुर एलुमनी एसोसिएशन के सहयोग के लिए विशेष आभार व्यक्त किया।

























