
रायपुर थाना डीडी नगर पुलिस ने अवैध शराब बिक्री, हथियारों के प्रदर्शन और अड्डेबाजी करने वाले असामाजिक तत्वों के खिलाफ विशेष अभियान चलाते हुए तीन अलग-अलग मामलों में कार्रवाई की है। इस दौरान एक शराब तस्कर और एक चाकूबाज को गिरफ्तार कर जेल भेजा गया, जबकि 10 अड्डेबाजों के खिलाफ प्रतिबंधात्मक कार्रवाई की गई।
रायपुरा स्थित कुरी तालाब के पास अवैध शराब बेचते हुए अमर गुप्ता को गिरफ्तार किया गया। आरोपी के कब्जे से 5.400 लीटर देशी शराब बरामद की गई। उसके खिलाफ आबकारी अधिनियम के तहत मामला दर्ज कर न्यायिक अभिरक्षा में भेजा गया है।
वहीं महादेव घाट स्थित विसर्जन कुंड के पास चाकू लहराकर लोगों को डराने-धमकाने वाले शंकर साहू को गिरफ्तार किया गया। पुलिस ने आरोपी के कब्जे से एक धारदार चाकू बरामद किया है। उसके खिलाफ आर्म्स एक्ट के तहत मामला दर्ज कर जेल भेज दिया गया।
इसके अलावा सार्वजनिक स्थानों पर अड्डेबाजी कर शांति व्यवस्था प्रभावित करने वाले 10 व्यक्तियों को भी पुलिस ने पकड़ा। सभी के खिलाफ बीएनएसएस की धारा 170 के तहत कार्रवाई कर न्यायालय में प्रस्तुत किया गया।
पुलिस अधिकारियों ने कहा कि अवैध गतिविधियों, असामाजिक तत्वों और कानून व्यवस्था बिगाड़ने वालों के खिलाफ अभियान आगे भी लगातार जारी रहेगा।
🔹 5.400 लीटर अवैध शराब के साथ एक आरोपी गिरफ्तार
🔹 सार्वजनिक स्थान पर चाकू लहराने वाला आरोपी गिरफ्तार
🔹 आरोपी के कब्जे से धारदार चाकू बरामद
🔹 10 अड्डेबाजों पर प्रतिबंधात्मक कार्रवाई
🔹 आबकारी अधिनियम, आर्म्स एक्ट और बीएनएसएस के तहत कार्रवाई
🔹 असामाजिक तत्वों के खिलाफ अभियान लगातार जारी



















