
बेमेतरा आम नागरिकों को बेहतर और पारदर्शी सेवाएं उपलब्ध कराने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम उठाते हुए राशनकार्ड से जुड़ी सभी प्रमुख सेवाओं को ऑनलाइन कर दिया गया है। अब नागरिक सेवा-सेतु पोर्टल के माध्यम से नया राशनकार्ड बनवाने, परिवार के सदस्य जोड़ने या नाम विलोपित कराने के लिए ऑनलाइन आवेदन कर सकेंगे।
खाद्य, नागरिक आपूर्ति एवं उपभोक्ता संरक्षण विभाग के निर्देशानुसार यह सुविधा सेवा-सेतु पोर्टल (ई-डिस्ट्रिक्ट पोर्टल) और लोक सेवा केंद्रों के माध्यम से उपलब्ध कराई गई है। आवेदक स्वयं ऑनलाइन आवेदन कर सकते हैं या निकटतम लोक सेवा केंद्र की सहायता ले सकते हैं।
ऑनलाइन आवेदन के दौरान आवश्यक दस्तावेज अपलोड करने के बाद आवेदक को आवेदन रसीद क्रमांक प्रदान किया जाएगा। सत्यापन और पात्रता जांच के बाद संबंधित अधिकारी द्वारा आवेदन स्वीकृत किया जाएगा और डिजिटल हस्ताक्षरयुक्त राशनकार्ड पीडीएफ जारी की जाएगी, जिसे पोर्टल से डाउनलोड किया जा सकेगा।
राशनकार्ड जारी होने के बाद परिवार के मुखिया और सदस्यों को ई-केवाईसी प्रक्रिया पूरी करनी होगी, जिससे सार्वजनिक वितरण प्रणाली का लाभ सुचारू रूप से मिल सके।
जिला प्रशासन ने नागरिकों से अपील की है कि वे राशनकार्ड संबंधी सेवाओं के लिए ऑनलाइन सुविधा का अधिक से अधिक उपयोग करें।



















