
ओस्लो भारतीय ग्रैंडमास्टर आर. प्रज्ञानंद ने शानदार प्रदर्शन करते हुए नॉर्वे चेस 2026 का खिताब अपने नाम कर लिया। अंतिम राउंड में जर्मनी के विंसेंट कीमर को क्लासिकल मुकाबले में हराकर उन्होंने टूर्नामेंट जीतने वाले पहले भारतीय खिलाड़ी बनने का गौरव हासिल किया।
टूर्नामेंट के 10वें और अंतिम राउंड से पहले प्रज्ञानंद, अमेरिकी खिलाड़ी वेस्ली सो से आधा अंक पीछे थे। ऐसे में खिताब की दौड़ में बने रहने के लिए उन्हें जीत की जरूरत थी। सफेद मोहरों से खेलते हुए प्रज्ञानंद ने बेहतरीन रणनीति का प्रदर्शन किया और कीमर को मात देकर पूरे 3 अंक हासिल किए। इसके साथ ही उनके कुल 18 अंक हो गए और उन्होंने शीर्ष स्थान पर कब्जा जमा लिया।
वहीं, टूर्नामेंट में बढ़त बनाए हुए वेस्ली सो का मुकाबला अलीरेजा फिरोजा से ड्रॉ रहा। हालांकि उन्होंने बाद में आर्मागेडन गेम जीतकर अतिरिक्त अंक हासिल किए, लेकिन कुल 17 अंकों के साथ उन्हें दूसरे स्थान से संतोष करना पड़ा। फिरोजा 15.5 अंकों के साथ तीसरे स्थान पर रहे।
दूसरी ओर, दुनिया के नंबर-1 खिलाड़ी मैग्नस कार्लसन ने अंतिम राउंड में विश्व चैंपियन डी. गुकेश को हराकर टूर्नामेंट का समापन जीत के साथ किया।



















