
सभी विषयों की परीक्षा एक ही दिन, सुबह 10:30 बजे से होगा आयोजन
रायपुर। केंद्रीय माध्यमिक शिक्षा बोर्ड (सीबीएसई) ने कक्षा 12वीं की सप्लीमेंट्री परीक्षा 2026 की डेटशीट जारी कर दी है। बोर्ड के अनुसार इस वर्ष सभी विषयों की सप्लीमेंट्री परीक्षा 28 जुलाई (मंगलवार) को आयोजित की जाएगी। परीक्षा सुबह 10:30 बजे शुरू होगी, जबकि विषय के अनुसार इसकी अवधि दो या तीन घंटे निर्धारित की गई है।
अधिकांश विषयों की परीक्षा दोपहर 1:30 बजे तक
अंग्रेजी, हिंदी, गणित, भौतिकी, रसायन विज्ञान, जीव विज्ञान, इतिहास, राजनीति विज्ञान, अर्थशास्त्र, बिजनेस स्टडीज, अकाउंटेंसी, कंप्यूटर साइंस, फिजिकल एजुकेशन, साइकोलॉजी, इंफॉर्मेटिक्स प्रैक्टिसेज, एंटरप्रेन्योरशिप, लीगल स्टडीज, होम साइंस, रिटेल, आईटी, वेब एप्लीकेशन, टूरिज्म, बैंकिंग और हेल्थ केयर समेत अधिकांश विषयों की परीक्षा सुबह 10:30 बजे से दोपहर 1:30 बजे तक होगी। वहीं हिंदुस्तानी संगीत, पेंटिंग, कमर्शियल आर्ट और योग जैसे विषयों के लिए परीक्षा 12:30 बजे तक चलेगी।
बेहतर अंक ही होंगे अंतिम परिणाम में शामिल
बोर्ड ने बताया कि अंतिम परिणाम तैयार करते समय थ्योरी परीक्षा के सर्वश्रेष्ठ अंक को इंटरनल असेसमेंट और प्रैक्टिकल अंकों के साथ जोड़ा जाएगा। यदि किसी छात्र ने दोनों परीक्षाएं दी हैं, तो संबंधित विषय में प्राप्त अधिक अंक ही अंतिम मार्कशीट में शामिल किए जाएंगे।
डिजिलॉकर और स्कूलों के जरिए मिलेगी मार्कशीट
सीबीएसई ने बताया कि छात्र अपनी डिजिटल मार्कशीट डिजिलॉकर के माध्यम से डाउनलोड कर सकेंगे। नियमित विद्यार्थियों को प्रिंटेड मार्कशीट उनके स्कूलों के जरिए मिलेगी, जबकि निजी अभ्यर्थियों को अंकसूची उनके पंजीकृत पते पर भेजी जाएगी। दिल्ली क्षेत्र के कुछ निजी अभ्यर्थी निर्धारित परीक्षा केंद्र से भी अपनी मार्कशीट प्राप्त कर सकेंगे।



















