
रायपुर राजधानी रायपुर के रावतपुरा फेस-2 में कथित अवैध निर्माण को लेकर नगर निगम ने कार्रवाई शुरू की है। जोन क्रमांक-6 के अंतर्गत आने वाले इस क्षेत्र में निर्माण से जुड़े करीब 113 बिल्डरों और संबंधित लोगों को नोटिस जारी किया गया है। निगम ने संबंधित लोगों को निर्माण गतिविधियां रोकने के निर्देश दिए हैं। हालांकि, नोटिस के बाद भी कुछ जगहों पर निर्माण जारी रहने के आरोप सामने आए हैं।
शिकायत के बाद निगम ने की जांच
रावतपुरा फेस-2 में स्थानीय रहवासियों और एक जनप्रतिनिधि की शिकायत के बाद नगर निगम की ओर से जांच की गई। जांच के बाद कथित अवैध निर्माण से जुड़े 113 लोगों को नोटिस जारी कर निर्माण रोकने के निर्देश दिए गए।
स्थानीय लोगों का आरोप है कि नोटिस जारी होने के बावजूद कुछ स्थानों पर निर्माण कार्य अब भी चल रहा है। रहवासियों ने निगम की निगरानी व्यवस्था पर सवाल उठाते हुए मौके पर नियमित निरीक्षण और नियमों का उल्लंघन पाए जाने पर तत्काल कार्रवाई की मांग की है।
कांग्रेस नेता के भाई का नाम आने की चर्चा
मामले में निर्माण से जुड़े लोगों के बीच एक कांग्रेस नेता के भाई का नाम भी सामने आने की चर्चा है। राजनीतिक रसूख से जुड़े नाम की चर्चा के बाद मामला और चर्चा में आ गया है। हालांकि, संबंधित व्यक्ति की ओर से इस मामले में फिलहाल कोई आधिकारिक प्रतिक्रिया सामने नहीं आई है।
निगम अधिकारियों ने कही आगे कार्रवाई की बात
जोन क्रमांक-6 के कमिश्नर हेमंत यादव ने बताया कि स्थानीय रहवासियों और एक जनप्रतिनिधि की ओर से शिकायत मिली थी। शिकायत के आधार पर जांच की गई, जिसके बाद संबंधित लोगों को नोटिस जारी कर निर्माण रोकने के निर्देश दिए गए।
उन्होंने बताया कि मामले की जानकारी वरिष्ठ अधिकारियों को दे दी गई है। वरिष्ठ अधिकारियों से निर्देश मिलने के बाद आगे की कार्रवाई की जाएगी।
महापौर ने भी लिया संज्ञान
रावतपुरा फेस-2 में कथित अवैध निर्माण के मामले में रायपुर नगर निगम की महापौर मीनल चौबे ने भी जानकारी ली है। उन्होंने मामले में आवश्यक कार्रवाई किए जाने की बात कही है।
अब मुख्य सवाल यह है कि नोटिस के बावजूद निर्माण जारी रहने की शिकायत सही पाए जाने पर निगम संबंधित बिल्डरों और निर्माणकर्ताओं के खिलाफ क्या कार्रवाई करता है। अधिकारियों की अगली कार्रवाई पर इस मामले की दिशा तय होगी।

















