बीजापुर में नक्सल विरोधी अभियान को बड़ी सफलता, जंगल से नक्सली डंप बरामद

0
12

बीजापुर जिले में चलाए जा रहे नक्सल विरोधी अभियान के दौरान पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। थाना बासागुड़ा और डीआरजी की संयुक्त टीम ने ग्राम पेगड़ापल्ली के जंगल क्षेत्र में कार्रवाई करते हुए नक्सलियों द्वारा छिपाकर रखी गई भारी मात्रा में विस्फोटक सामग्री बरामद की है। कार्रवाई के दौरान पुलिस ने एक संदिग्ध नक्सली सदस्य को भी गिरफ्तार किया है।

जंगल में घेराबंदी कर संदिग्ध को पकड़ा

पुलिस के मुताबिक, अभियान के दौरान जवानों ने ग्राम पेगड़ापल्ली के जंगल में घेराबंदी की। इसी दौरान बोगम लखमू (39 वर्ष), निवासी चिन्नागेलूर, थाना तर्रेम को पकड़ा गया।

पूछताछ में पुलिस के अनुसार, बोगम लखमू ने प्रतिबंधित भाकपा (माओवादी) संगठन के चिन्नागेलूर DAKMS सदस्य के रूप में काम करने की बात स्वीकार की है।

नक्सली सामग्री छिपाने की बात कबूली

पुलिस का दावा है कि पूछताछ के दौरान आरोपी ने नक्सलियों की विस्फोटक सामग्री को एक स्थान से दूसरे स्थान तक ले जाकर जंगल में छिपाने की बात स्वीकार की। इसके बाद सुरक्षा बलों ने इलाके में तलाशी अभियान चलाया और नक्सलियों द्वारा छिपाकर रखे गए डंप को बरामद किया।

बरामद सामग्री को सुरक्षा मानकों के तहत कब्जे में लेकर आगे की कानूनी कार्रवाई की जा रही है। पुलिस अभियान के दौरान बरामद सामग्री और गिरफ्तार संदिग्ध की भूमिका को लेकर आगे की जांच कर रही है।

बीजापुर के संवेदनशील वन क्षेत्रों में सुरक्षा बलों का नक्सल विरोधी अभियान लगातार जारी है। अधिकारियों का कहना है कि क्षेत्र में नक्सली गतिविधियों पर प्रभावी नियंत्रण के लिए सर्चिंग और एरिया डॉमिनेशन की कार्रवाई आगे भी जारी रहेगी।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here