
उरला की व्हीआर एकेडमी में चोरी के बाद ट्रेन से उज्जैन भाग रहे थे आरोपी, 24 घंटे के भीतर पुलिस ने दबोचा; 4.97 लाख रुपये नकद बरामद
रायपुर उरला थाना क्षेत्र के बीरगांव कैलाश नगर स्थित व्हीआर एजुकेशन एकेडमी में हुई लाखों रुपये की चोरी का पुलिस ने 24 घंटे के भीतर खुलासा कर दिया है। पुलिस ने मामले में दो आरोपियों को मध्यप्रदेश के बैतूल से हिरासत में लेकर रायपुर लाया और पूछताछ के बाद गिरफ्तार किया। आरोपियों के कब्जे से चोरी की 4 लाख 97 हजार 500 रुपये की नगदी बरामद की गई है।
पुलिस के मुताबिक, एकेडमी संचालक प्रगति वर्मा ने रिपोर्ट दर्ज कराई थी कि 31 अगस्त की मध्यरात्रि करीब 12:06 बजे से 12:48 बजे के बीच अज्ञात व्यक्ति एकेडमी का ताला तोड़कर अंदर घुसा और अलमारी के लॉकर में रखी नकदी चोरी कर फरार हो गया। मामले में थाना उरला में अपराध क्रमांक 409/26 के तहत बीएनएस की धारा 331(4), 305 एवं 3(5) के तहत अपराध दर्ज किया गया।
घटना की गंभीरता को देखते हुए पुलिस आयुक्त डॉ. संजीव शुक्ला और अतिरिक्त पुलिस आयुक्त अमित तुकाराम कांबले के निर्देश पर विशेष टीम गठित की गई। डीसीपी नॉर्थ जोन श्रीमती दीपमाला कश्यप के मार्गदर्शन में पुलिस टीम ने एकेडमी और आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों के फुटेज खंगाले। साथ ही प्रार्थिया और एकेडमी से जुड़े लोगों से पूछताछ कर संदिग्धों की जानकारी जुटाई गई और मुखबिर तंत्र को सक्रिय किया गया।
तकनीकी साक्ष्यों और सीसीटीवी फुटेज की जांच से पुलिस को पता चला कि आरोपी चोरी के बाद ट्रेन से उज्जैन की ओर फरार हो रहे हैं। इसके बाद पुलिस ने आरपीएफ भिलाई और बैतूल (मध्यप्रदेश) पुलिस से समन्वय स्थापित किया। त्वरित कार्रवाई करते हुए दोनों आरोपियों को बैतूल में हिरासत में ले लिया गया। रायपुर लाकर पूछताछ करने पर दोनों ने चोरी की वारदात को अंजाम देना स्वीकार किया, जिसके बाद उन्हें गिरफ्तार कर लिया गया।
गिरफ्तार आरोपियों की पहचान चित्रांश सेन (18), निवासी खमतराई रायपुर और फिरोज साहू (19), निवासी कैलाश नगर बीरगांव, उरला के रूप में हुई है। पुलिस के अनुसार चित्रांश सेन के खिलाफ वर्ष 2022 में थाना खमतराई में मारपीट और मोटरसाइकिल चोरी के दो मामले पहले भी दर्ज हो चुके हैं। मामले में पुलिस ने दोनों आरोपियों के खिलाफ आगे की वैधानिक कार्रवाई की है।


















