
अगस्त में 6 कार्यपालक और 71 गैर-कार्यपालक सेवानिवृत्त, 186 स्वैच्छिक सेवानिवृत्त कर्मचारियों का भी हुआ सम्मान
भिलाई भिलाई इस्पात संयंत्र की सेवा से अगस्त 2026 में कुल 77 कर्मचारी सेवानिवृत्त हुए। इनमें 6 कार्यपालक और 71 गैर-कार्यपालक शामिल हैं। इसके अलावा जून और जुलाई में स्वैच्छिक सेवानिवृत्ति लेने वाले 62 कार्यपालकों तथा जुलाई में स्वैच्छिक सेवानिवृत्त हुए 124 गैर-कार्यपालकों को भी समारोह आयोजित कर सम्मानित किया गया।
कार्यपालकों के लिए विदाई समारोह इस्पात भवन स्थित निदेशक प्रभारी सभागार में आयोजित हुआ। निदेशक प्रभारी चित्तरंजन महापात्र ने सेवानिवृत्त कार्यपालकों को सेवानिवृत्ति आदेश प्रदान किए और उनके सेवाकाल के योगदान की सराहना की। उन्होंने सभी को स्वस्थ, सुखद और सक्रिय भविष्य के लिए शुभकामनाएं दीं। इस दौरान सेवानिवृत्त अधिकारियों ने संयंत्र में अपने सेवाकाल के अनुभव साझा किए और भविष्य के लिए सुझाव भी दिए।
भिलाई निवास में आयोजित कार्यक्रम में अगस्त में सेवानिवृत्त हुए 71 गैर-कार्यपालकों को सम्मानपूर्वक विदाई दी गई। कार्यपालक निदेशक (वित्त एवं लेखा) प्रवीण निगम और महाप्रबंधक (मानव संसाधन) संजय द्विवेदी ने कर्मचारियों को सेवानिवृत्ति आदेश प्रदान किए। प्रबंधन ने कर्मचारियों की वर्षों की सेवाओं और संयंत्र के विकास में उनके योगदान को याद करते हुए उनके स्वस्थ एवं सुखी जीवन की कामना की।
इसके साथ ही जून में स्वैच्छिक सेवानिवृत्ति लेने वाले 24 और जुलाई में स्वैच्छिक सेवानिवृत्ति लेने वाले 38 कार्यपालकों, यानी कुल 62 कार्यपालकों को भी सम्मानित किया गया। निदेशक प्रभारी चित्तरंजन महापात्र ने उन्हें सम्मानित करते हुए उनके सेवाकाल में दिए गए योगदान की सराहना की और जीवन के नए पड़ाव के लिए शुभकामनाएं दीं।
वहीं जुलाई 2026 में स्वैच्छिक सेवानिवृत्ति लेने वाले 124 गैर-कार्यपालकों को भी भिलाई निवास में आयोजित समारोह में सम्मानित किया गया। कार्यक्रम में संयंत्र के वरिष्ठ अधिकारियों ने कर्मचारियों के योगदान को रेखांकित करते हुए उनके उज्ज्वल और सुखद भविष्य की कामना की। समारोहों में संयंत्र के विभिन्न कार्यपालक निदेशक और मानव संसाधन विभाग के अधिकारी मौजूद रहे।



















