
दो अलग-अलग मामलों में 2.555 किलो गांजा, 86 पौवा अवैध शराब और बिक्री की नगदी जब्त, कुल जप्त सामग्री की कीमत 1.35 लाख रुपये से अधिक
रायपुर अवैध मादक पदार्थों और शराब के खिलाफ चलाए जा रहे ऑपरेशन निश्चय के तहत तिल्दा-नेवरा पुलिस ने बड़ी कार्रवाई की है। पुलिस ने दो अलग-अलग मामलों में गांजा और अवैध शराब बेचने के आरोप में दो महिलाओं को गिरफ्तार किया है। आरोपियों के कब्जे से 2 किलो 555 ग्राम गांजा, 86 पौवा अवैध शराब और 450 रुपये नगद बरामद किए गए हैं। जब्त सामग्री की कुल कीमत 1.35 लाख रुपये से अधिक बताई गई है।
पहली कार्रवाई एफसीआई गोदाम के पास की गई। पुलिस को मुखबिर से सूचना मिली थी कि एक महिला नीली साड़ी पहनकर थैले में गांजा लेकर बिक्री के लिए ग्राहक तलाश रही है। सूचना पर पुलिस टीम ने मौके पर पहुंचकर घेराबंदी की और महिला को हिरासत में लेकर उसके थैले की तलाशी ली। तलाशी में 2 किलो 555 ग्राम गांजा, जिसकी अनुमानित कीमत करीब 1.25 लाख रुपये है, बरामद हुआ। मामले में अपराध क्रमांक 377/2026 के तहत एनडीपीएस एक्ट की धारा 20(बी) में कार्रवाई की गई। गिरफ्तार महिला की पहचान राखी देवार (40), निवासी वार्ड क्रमांक 15, तिल्दा के रूप में हुई है। न्यायालय में पेश किए जाने के बाद उसे न्यायिक रिमांड पर केंद्रीय जेल रायपुर भेज दिया गया।
दूसरी कार्रवाई वार्ड क्रमांक 15 स्थित दलाल तालाब क्षेत्र में की गई। पुलिस को सूचना मिली थी कि एक महिला अवैध रूप से शराब रखकर बिक्री कर रही है। मौके पर पहुंची टीम ने घेराबंदी कर चुनिया देवार (20) को पकड़ा। उसके कब्जे से 86 पौवा अवैध शराब, जिसकी कीमत 9,580 रुपये, और शराब बिक्री की 450 रुपये नगदी बरामद हुई। कुल जप्ती 10,030 रुपये की बताई गई है। आरोपी के खिलाफ अपराध क्रमांक 376/2026 के तहत धारा 34(2) आबकारी अधिनियम में मामला दर्ज कर उसे न्यायालय में पेश किया गया।
पुलिस के मुताबिक, ऑपरेशन निश्चय के तहत तिल्दा-नेवरा क्षेत्र में अवैध मादक पदार्थों और शराब के परिवहन, भंडारण एवं बिक्री पर लगातार निगरानी रखी जा रही है। कार्रवाई पुलिस अधीक्षक ग्रामीण श्रीमती श्वेता श्रीवास्तव सिन्हा के निर्देशन, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक ग्रामीण श्रीमती चंचल तिवारी और एसडीओपी विधानसभा वीरेन्द्र चतुर्वेदी के मार्गदर्शन में की गई। थाना प्रभारी निरीक्षक रमाकांत तिवारी के नेतृत्व में पुलिस टीम ने कार्रवाई को अंजाम दिया।



















