पुरानी रंजिश में चाकू से जानलेवा हमला, मुख्य आरोपी अजय रक्सेल कांकेर से गिरफ्तार

0
82

सिविल लाइन पुलिस और एंटी क्राइम यूनिट की संयुक्त कार्रवाई, आरोपी की निशानदेही पर दोपहिया वाहन और वारदात में इस्तेमाल बटनदार चाकू बरामद


रायपुर पुरानी रंजिश को लेकर चाकू से जानलेवा हमला करने के मामले में रायपुर पुलिस ने मुख्य आरोपी अजय रक्सेल को कांकेर से गिरफ्तार किया है। एंटी क्राइम एंड साइबर यूनिट और थाना सिविल लाइन पुलिस की संयुक्त टीम ने लगातार पतासाजी के बाद आरोपी को पकड़ा। पुलिस ने उसकी निशानदेही पर प्रार्थी का दोपहिया वाहन और वारदात में इस्तेमाल बटनदार चाकू भी बरामद किया है।

पुलिस के मुताबिक, 26 अगस्त की रात अजय रक्सेल प्रार्थी शुभम श्रीवास्तव को अपनी गाड़ी में बैठाकर दाउजी बिल्डिंग के पास एक गली में ले गया था। वहां उसने अपने साथी हर्ष कोसले और एक अन्य व्यक्ति को बुलाया। पुरानी रंजिश को लेकर विवाद के दौरान आरोपियों ने गाली-गलौज और जान से मारने की धमकी दी। इसके बाद मारपीट करते हुए प्रार्थी पर चाकू से हमला किया गया। हमले में उसके दोनों पैरों समेत शरीर के अन्य हिस्सों में चोटें आईं और वारदात के बाद तीनों आरोपी मौके से फरार हो गए।

शुभम की शिकायत पर थाना सिविल लाइन में अपराध क्रमांक 454/2026 दर्ज किया गया। मामले में बीएनएस की धारा 296, 351(3), 109(1), 3(5), 309(4) तथा आर्म्स एक्ट की धारा 25 और 27 के तहत कार्रवाई शुरू की गई। घटना की गंभीरता को देखते हुए वरिष्ठ अधिकारियों के निर्देश पर संयुक्त टीम गठित की गई। पुलिस ने प्रार्थी से पूछताछ के साथ आरोपियों के संभावित ठिकानों पर दबिश दी और मुखबिर तंत्र तथा तकनीकी विश्लेषण की मदद से उनकी तलाश शुरू की।

इसी दौरान पुलिस को जानकारी मिली कि आरोपी अजय रक्सेल कांकेर जिले में छिपा हुआ है। सूचना मिलते ही टीम कांकेर रवाना हुई और लगातार तलाश के बाद आरोपी को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस के अनुसार, अजय रक्सेल पूर्व में भी आपराधिक मामलों में जेल जा चुका है। वर्ष 2022 में थाना तेलीबांधा और वर्ष 2023 में थाना सिविल लाइन में उसके खिलाफ मारपीट एवं आर्म्स एक्ट से जुड़े मामले दर्ज हुए थे।

पुलिस ने आरोपी के खिलाफ आगे की वैधानिक कार्रवाई की है। मामले में शामिल अन्य आरोपी फिलहाल फरार हैं, जिनकी तलाश और गिरफ्तारी के लिए पुलिस की टीमें लगातार प्रयास कर रही हैं। गिरफ्तार आरोपी की पहचान अजय रक्सेल (24), निवासी नवभारत प्रेस, राजबंधा मैदान के पास, मरही माता मंदिर, थाना मौदहापारा, रायपुर के रूप में हुई है।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here