
CEIR पोर्टल और तकनीकी माध्यमों से मिली सफलता, किसी को पहली कमाई का मोबाइल मिला तो किसी को अपनों की निशानी
रायपुर। पुलिस कमिश्नरेट रायपुर के नॉर्थ जोन पुलिस ने गुम और चोरी हुए मोबाइल फोन की पतासाजी करते हुए 61 मोबाइल रिकवर किए हैं। इनमें से 50 मोबाइल उनके वास्तविक मालिकों को सौंप दिए गए हैं। शेष 11 मोबाइल फोन को उनके मालिकों तक पहुंचाने की प्रक्रिया जारी है।
पुलिस उपायुक्त नॉर्थ जोन दीपमाला कश्यप के नेतृत्व में थाना खमतराई, गुढ़ियारी, उरला, पंडरी और खम्हारडीह पुलिस ने यह कार्रवाई की। मोबाइल फोन की पतासाजी के लिए तकनीकी संसाधनों और केंद्र सरकार के CEIR पोर्टल की मदद ली गई।
थानावार मोबाइल रिकवरी का विवरण
थाना गुढ़ियारी: 10 मोबाइल रिकवर, 8 मालिकों को लौटाए गए।
थाना उरला: 20 मोबाइल रिकवर, 16 मालिकों को लौटाए गए।
थाना पंडरी: 4 मोबाइल रिकवर, सभी 4 मोबाइल सौंपे गए।
थाना खमतराई: 20 मोबाइल रिकवर, 16 मालिकों को लौटाए गए।
थाना खम्हारडीह: 7 मोबाइल रिकवर, 6 मालिकों को लौटाए गए।
किसी को पहली कमाई तो किसी को अपनों की निशानी मिली वापस
मोबाइल फोन वापस मिलने से लोगों को आर्थिक राहत के साथ भावनात्मक खुशी भी मिली। किसी के लिए मोबाइल उसकी पहली कमाई से खरीदी गई वस्तु था, तो किसी के लिए यह माता-पिता, भाई-बहन या किसी प्रियजन की ओर से दिया गया उपहार था। मोबाइल में सुरक्षित तस्वीरें, जरूरी संपर्क और व्यक्तिगत यादें भी लोगों के लिए खास महत्व रखती हैं।
पुलिस की इस कार्रवाई से लोगों को न केवल अपना कीमती मोबाइल वापस मिला, बल्कि उससे जुड़ी यादों को फिर से पाने का अवसर भी मिला।
CEIR पोर्टल से ऐसे मिलती है मदद
CEIR यानी सेंट्रल इक्विपमेंट आइडेंटिटी रजिस्टर भारत सरकार के दूरसंचार विभाग की व्यवस्था है। इसके माध्यम से गुम या चोरी हुए मोबाइल को ब्लॉक कराने के लिए अनुरोध दर्ज किया जा सकता है। मोबाइल के IMEI नंबर के आधार पर यह व्यवस्था पुलिस को उसकी पतासाजी में सहायता देती है।
मोबाइल गुम होने पर क्या करें?
पुलिस ने नागरिकों से अपील की है कि मोबाइल गुम या चोरी होने पर सबसे पहले संबंधित थाने में शिकायत दर्ज कराएं। इसके बाद मोबाइल का IMEI नंबर, मोबाइल नंबर और शिकायत से जुड़ी जानकारी तैयार रखकर आधिकारिक CEIR पोर्टल [https://ceir.sancharsaathi.gov.in/](https://ceir.sancharsaathi.gov.in/) पर जाएं।
पोर्टल पर “Block Stolen/Lost Mobile” विकल्प चुनकर मांगी गई जानकारी भरें और आवश्यक दस्तावेज जमा करें। आवेदन के बाद मिलने वाली Request ID को सुरक्षित रखें, ताकि आवेदन की स्थिति देखी जा सके।
नागरिकों की शिकायतों के निराकरण और तकनीकी संसाधनों के प्रभावी उपयोग पर जोर देते हुए नॉर्थ जोन पुलिस ने कहा कि गुम और चोरी हुए मोबाइल उनके वास्तविक मालिकों तक पहुंचाने के लिए लगातार प्रयास किए जा रहे हैं।


















