रायपुर में विश्व मानक दिवस पर जागरूकता कार्यक्रम, गुणवत्ता और सुरक्षित उत्पादों की पहचान पर जोर

0
78
Nby

BIS ने विद्यार्थियों, उद्योगों और व्यापारिक संगठनों को किया जागरूक, स्वच्छ एवं किफायती ऊर्जा रही इस वर्ष की थीम


रायपुर । उत्पादों की गुणवत्ता, सुरक्षा और शुद्धता सुनिश्चित करने में मानकों की भूमिका के प्रति लोगों को जागरूक करने के उद्देश्य से राजधानी रायपुर में विश्व मानक दिवस पर कार्यक्रम आयोजित किया गया। भारतीय मानक ब्यूरो (BIS) की ओर से आयोजित इस कार्यक्रम में विद्यार्थियों, तकनीकी संस्थानों, उद्योगों और व्यापारिक संगठनों के प्रतिनिधियों ने हिस्सा लिया। इस वर्ष कार्यक्रम की थीम सतत विकास लक्ष्य-7 यानी किफायती और स्वच्छ ऊर्जा पर केंद्रित रही।

तकनीकी प्रस्तुतियों से समझाया मानकीकरण का महत्व

कार्यक्रम में भारतीय मानक ब्यूरो के रायपुर शाखा कार्यालय के साथ एनआईटी रायपुर, सूक्ष्म, लघु एवं मध्यम उद्यम मंत्रालय (MSME), सीपेट, छत्तीसगढ़ स्टील री-रोलर्स एसोसिएशन और सराफा एसोसिएशन के प्रतिनिधि शामिल हुए। तकनीकी प्रस्तुतियों के माध्यम से मानकीकरण, उत्पादों की गुणवत्ता, सुरक्षा और ऊर्जा दक्षता के महत्व की जानकारी दी गई।

विद्यार्थियों को बताया गया कि बाजार से सामान खरीदते समय उत्पाद पर लगे प्रमाणन चिह्नों की जांच करना जरूरी है। इससे उपभोक्ताओं को मानकों के अनुरूप उत्पादों की पहचान करने और सोच-समझकर खरीदारी करने में मदद मिलती है।

सोने के आभूषण खरीदते समय हॉलमार्क की जांच जरूरी

कार्यक्रम में उपभोक्ताओं को सोने के आभूषण खरीदते समय हॉलमार्क और अन्य उत्पादों पर लागू बीआईएस मानक चिह्नों की पहचान के बारे में बताया गया। वक्ताओं ने जागरूक उपभोक्ता बनने और उत्पादों की गुणवत्ता से जुड़े प्रमाणन चिह्नों की जांच करने पर जोर दिया।

विद्यार्थियों ने भी साझा किए विचार

कार्यक्रम में शामिल विद्यार्थियों ने मानकीकृत उत्पादों की पहचान और खरीदारी के दौरान प्रमाणन चिह्नों की जांच के महत्व पर अपने विचार साझा किए। आयोजकों के अनुसार, कार्यक्रम का उद्देश्य उपभोक्ताओं में जागरूकता बढ़ाने के साथ देश में गुणवत्ता और मानकीकरण की संस्कृति को प्रोत्साहित करना रहा।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here