
राष्ट्रपति का 22 और 23 अक्टूबर को प्रस्तावित छत्तीसगढ़ दौरा; नक्सल हिंसा प्रभावितों के पुनर्वास और भारत-जिम्बाब्वे महिला क्रिकेट मैच पर भी मुख्यमंत्री ने दी जानकारी
रायपुर। मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने कहा कि राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मु का बस्तर आगमन प्रदेश के लिए प्रसन्नता और गौरव का अवसर है। राष्ट्रपति का 22 और 23 अक्टूबर को छत्तीसगढ़ प्रवास प्रस्तावित है। इस दौरान 23 अक्टूबर को वे जगदलपुर पहुंचकर मुरिया दरबार में शामिल होंगी।
मुख्यमंत्री साय ने पत्रकारों के सवालों का जवाब देते हुए बताया कि राज्य सरकार ने राष्ट्रपति को बस्तर आने का आमंत्रण दिया था। इससे पहले बस्तर के मांझी-चालकी प्रतिनिधियों से मुलाकात के दौरान भी राष्ट्रपति से क्षेत्र के दौरे का आग्रह किया गया था। उन्होंने इस आमंत्रण को स्वीकार कर लिया था।
नक्सल हिंसा प्रभावितों को हरसंभव सहायता देने का प्रयास
मुख्यमंत्री ने नक्सली हिंसा से प्रभावित लोगों और अन्य दिव्यांगजनों को सहायक उपकरण वितरित करने के कार्यक्रम का भी उल्लेख किया। उन्होंने बताया कि केंद्रीय गृह एवं सहकारिता मंत्री अमित शाह ने वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से दंतेवाड़ा में आयोजित शिविर को संबोधित किया।
सीएम साय ने कहा कि राज्य सरकार का प्रयास है कि नक्सली हिंसा से प्रभावित लोगों को हरसंभव सहायता उपलब्ध कराई जाए, ताकि वे सम्मान और आत्मविश्वास के साथ जीवन में आगे बढ़ सकें।
पहले अंतरराष्ट्रीय महिला क्रिकेट मैच में महिलाओं को मुफ्त प्रवेश
छत्तीसगढ़ में पहली बार आयोजित होने जा रहे अंतरराष्ट्रीय महिला क्रिकेट मैच को लेकर भी मुख्यमंत्री ने प्रसन्नता जताई। उन्होंने बताया कि भारत और जिम्बाब्वे की महिला क्रिकेट टीमों के बीच होने वाले इस मुकाबले में महिला दर्शकों के लिए प्रवेश निःशुल्क रखा गया है।
मुख्यमंत्री ने कहा कि इस पहल से प्रदेश की माताओं, बहनों और बेटियों को अंतरराष्ट्रीय स्तर की महिला खिलाड़ियों का उत्साहवर्धन करने और उनसे प्रेरणा लेने का अवसर मिलेगा।

















