मासूम बच्चे को बेरहमी से पीटने और सिगरेट से दागने के आरोप में सौतेला पिता और मां गिरफ्तार

0
10


रायपुर के तरुण नगर में बच्चों के साथ हिंसा का मामला, सिविल लाइन पुलिस ने दोनों आरोपियों के खिलाफ दर्ज किया अपराध

रायपुर। राजधानी रायपुर के पंडरी स्थित तरुण नगर में मासूम बच्चे के साथ मारपीट करने और सिगरेट से दागकर गंभीर चोट पहुंचाने के आरोप में पुलिस ने उसके सौतेले पिता और मां को गिरफ्तार किया है। सिविल लाइन थाना पुलिस ने मामले की गंभीरता को देखते हुए त्वरित कार्रवाई की।

पुलिस के अनुसार, तरुण नगर निवासी सुशीला जगत ने मोहल्लेवासियों के साथ थाने पहुंचकर शिकायत दर्ज कराई थी। शिकायत में बताया गया कि 13 अक्टूबर 2026 की सुबह करीब 8:30 बजे राजा उर्फ सुरेश दीप ने मासूम बच्चे और उसके भाई के साथ मारपीट की। आरोप है कि उसने बच्चे को बेरहमी से पीटा और सिगरेट से उसके शरीर को दाग दिया, जिससे उसके चेहरे, आंख और शरीर के अन्य हिस्सों में गंभीर चोटें आईं।

बच्चों के साथ हो रही हिंसा रोकने के बजाय साथ देने का आरोप

शिकायत के मुताबिक, बच्चों की मां अन्नु देवी ने कथित तौर पर हिंसा रोकने के बजाय आरोपी का साथ दिया और घटना को छिपाने का प्रयास किया। मामले की गंभीरता को देखते हुए सिविल लाइन थाने में अपराध क्रमांक 543/2026 के तहत भारतीय न्याय संहिता की धारा 115(2), 3(5) और किशोर न्याय (बालकों की देखरेख एवं संरक्षण) अधिनियम की धारा 75 के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरू की गई।

पूछताछ के बाद दोनों गिरफ्तार

वरिष्ठ पुलिस अधिकारियों के निर्देशन और सिविल लाइन थाना प्रभारी के नेतृत्व में पुलिस ने शिकायतकर्ता और गवाहों से पूछताछ की। इसके बाद राजा उर्फ सुरेश दीप और अन्नु देवी को हिरासत में लेकर पूछताछ की गई। पुलिस के मुताबिक, पूछताछ के दौरान दोनों ने घटना में अपनी संलिप्तता स्वीकार की, जिसके बाद उन्हें गिरफ्तार कर आगे की वैधानिक कार्रवाई की गई।

गिरफ्तार आरोपियों की पहचान

पुलिस ने गिरफ्तार आरोपियों की पहचान राजा उर्फ सुरेश दीप (35 वर्ष), पिता स्वर्गीय भीम दीप, निवासी तरुण नगर, पंडरी, रायपुर और अन्नु देवी (40 वर्ष), पति विशाल पासवान, निवासी तरुण नगर, थाना सिविल लाइन, रायपुर के रूप में की है।

बच्चों के खिलाफ हिंसा पर सख्त कार्रवाई की चेतावनी

रायपुर कमिश्नरेट ने स्पष्ट किया है कि बच्चों के साथ किसी भी प्रकार की हिंसा, क्रूरता या उत्पीड़न को बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। ऐसे मामलों में शामिल लोगों के खिलाफ कठोर वैधानिक कार्रवाई की जाएगी।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here