
चार माह से वेतन के लिए परेशान अधिकारी-कर्मचारी, दशहरा से पहले बकाया भुगतान नहीं हुआ तो ठप कर सकते हैं निगम का कामकाज
भिलाई-चरौदा नगर निगम के अधिकारी-कर्मचारियों को समय पर वेतन नहीं मिलने से नाराजगी बढ़ती जा रही है। वेतन भुगतान में लगातार हो रही देरी के विरोध में नगर निगम कर्मचारी महासंघ की स्थानीय इकाई ने 16 अक्टूबर को प्रशासक एवं आयुक्त को पत्र सौंपकर जल्द भुगतान की मांग की। संघ ने चेतावनी दी है कि दशहरा से पहले सभी अधिकारी-कर्मचारियों का बकाया वेतन नहीं दिया गया, तो वे अनिश्चितकालीन हड़ताल पर चले जाएंगे।
नियमित कर्मचारियों को अगस्त-सितंबर का वेतन नहीं मिला
कर्मचारी महासंघ की भिलाई-चरौदा इकाई के अध्यक्ष रामअवतार साहू, कार्यवाहक अध्यक्ष राम कुर्रे और महामंत्री अविनाश चंद्राकर ने बताया कि निगम के नियमित कर्मचारियों को अगस्त और सितंबर 2026 का वेतन अब तक नहीं मिला है। वहीं, अधिकारी और अभियंता वर्ग भी पिछले चार माह से वेतन भुगतान का इंतजार कर रहे हैं।
पदाधिकारियों के मुताबिक, वेतन नहीं मिलने से कर्मचारियों के सामने आर्थिक संकट खड़ा हो गया है। परिवार के खर्च और अन्य जरूरी जरूरतों को पूरा करने में भी परेशानी हो रही है।
हर तीन माह में एक माह का वेतन देने का आरोप
कर्मचारी संघ के पदाधिकारियों ने आरोप लगाया कि निगम प्रशासन की ओर से बार-बार वेतन भुगतान में देरी की जा रही है। उनका कहना है कि स्थिति ऐसी हो गई है कि हर तीन माह में एक माह का वेतन देकर कर्मचारियों को इंतजार कराया जा रहा है।
इसके बावजूद निगम का पूरा अमला आगामी निर्वाचन सहित रोजमर्रा के सरकारी कामकाज का निष्पादन कर रहा है।
दशहरा से पहले भुगतान की मांग
कर्मचारी महासंघ ने आयुक्त को सौंपे पत्र में कर्मचारियों की आर्थिक परेशानियों को गंभीरता से लेते हुए बकाया वेतन का जल्द भुगतान करने की मांग की है। संघ ने स्पष्ट किया है कि यदि दशहरा से पहले तीन से चार माह का बकाया वेतन नहीं दिया गया, तो सभी अधिकारी-कर्मचारी एकजुट होकर निगम का कामकाज पूरी तरह ठप कर देंगे और अनिश्चितकालीन हड़ताल शुरू करेंगे।
संघ ने चेतावनी दी है कि ऐसी स्थिति में उत्पन्न होने वाले हालात की जिम्मेदारी निगम प्रशासन की होगी।



















