रायपुर से गुजरात के लिए रवाना हुई राष्ट्रीय मोटरसाइकिल रैली, नशे के खिलाफ जागरूकता का देगी संदेश

0
11
Nby

डीजीपी अरुण देव गौतम ने पुलिस परेड ग्राउंड में दिखाई हरी झंडी, 31 अक्टूबर को सरदार पटेल की जयंती पर एकता नगर में होगा समापन


रायपुर। राष्ट्रीय एकता दिवस के अवसर पर ‘FIGHT AGAINST DRUGS’ थीम के तहत निकाली जा रही राष्ट्रीय मोटरसाइकिल रैली-2026 रविवार को रायपुर पुलिस कमिश्नरेट से अगले पड़ाव के लिए रवाना हुई। पुलिस परेड ग्राउंड में आयोजित फ्लैग ऑफ समारोह में छत्तीसगढ़ पुलिस के महानिदेशक अरुण देव गौतम ने ओडिशा और छत्तीसगढ़ पुलिस की संयुक्त बाइक रैली टीम को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया। यह राष्ट्रव्यापी रैली 31 अक्टूबर को सरदार वल्लभभाई पटेल की जयंती पर गुजरात के एकता नगर (केवड़िया) में संपन्न होगी।

नशामुक्त भारत और राष्ट्रीय एकता का संदेश

केंद्रीय गृह मंत्रालय के तत्वावधान में आयोजित इस रैली का उद्देश्य नशे के दुष्प्रभावों के प्रति जागरूकता फैलाना, नशे की रोकथाम को बढ़ावा देना और राष्ट्रीय एकता का संदेश जन-जन तक पहुंचाना है। 14 अक्टूबर से शुरू हुई यह रैली कुल 2,245 किलोमीटर की यात्रा तय करेगी।

रैली को देश के चार जोन—उत्तर, मध्य, दक्षिण और उत्तर-पूर्व—में विभाजित किया गया है। इसमें 28 राज्यों और 8 केंद्र शासित प्रदेशों से गुजरते हुए विभिन्न राज्यों की पुलिस, केंद्रीय अर्धसैनिक बल और केंद्रीय पुलिस संगठनों की सहभागिता है।

रायपुर में हुआ बाइक रैली टीम का स्वागत

मध्य जोन की रैली में बिहार, झारखंड, पश्चिम बंगाल, ओडिशा, छत्तीसगढ़ और मध्य प्रदेश शामिल हैं। ओडिशा के भुवनेश्वर से रवाना होकर रैली महासमुंद के रास्ते 16 अक्टूबर को रायपुर पहुंची थी। यहां मरीन ड्राइव, तेलीबांधा में छत्तीसगढ़ पुलिस, जनप्रतिनिधियों, सामाजिक संगठनों और कॉलेज के विद्यार्थियों ने टीम का स्वागत किया।

17 अक्टूबर को ओडिशा और छत्तीसगढ़ पुलिस की बाइक रैली टीम के सदस्यों के सम्मान में अभिनंदन समारोह आयोजित किया गया। इस दौरान नशे के खिलाफ एकजुट होकर अभियान चलाने का संकल्प दोहराया गया।

डीजीपी ने नशे से दूर रहने की अपील की

18 अक्टूबर को सुबह 11:30 बजे पुलिस परेड ग्राउंड में आयोजित फ्लैग ऑफ समारोह में पुलिस महानिदेशक अरुण देव गौतम मुख्य अतिथि के रूप में शामिल हुए। अतिरिक्त पुलिस महानिदेशक अमित कुमार विशेष अतिथि के रूप में उपस्थित रहे। कार्यक्रम में रायपुर पुलिस आयुक्त डॉ. संजीव शुक्ला सहित पुलिस कमिश्नरेट के वरिष्ठ अधिकारी और कर्मचारी मौजूद रहे।

अपने संबोधन में डीजीपी अरुण देव गौतम ने नशे के दुष्प्रभावों से दूर रहने की अपील की और नशे के खिलाफ जागरूकता फैलाने में जुटी बाइक रैली टीम के प्रयासों की सराहना की। उन्होंने 31 अक्टूबर को एकता नगर में होने वाले समापन समारोह के महत्व पर भी प्रकाश डाला।

अतिरिक्त पुलिस महानिदेशक अमित कुमार ने नशामुक्त भारत के लक्ष्य को आगामी तीन वर्षों के लिए महत्वपूर्ण बताते हुए जागरूकता अभियान चलाने की आवश्यकता पर जोर दिया। वहीं, पुलिस आयुक्त डॉ. संजीव शुक्ला ने रैली के उद्देश्यों की जानकारी देते हुए संयुक्त टीम को आगे की यात्रा के लिए शुभकामनाएं दीं। उन्होंने युवाओं से नशे से दूर रहने और जागरूक नागरिक की भूमिका निभाने का आह्वान किया।

बलौदाबाजार, बेमेतरा और कबीरधाम से होते हुए मध्य प्रदेश जाएगी रैली

रायपुर से रवाना होने के बाद रैली 18 अक्टूबर को बलौदाबाजार-भाटापारा और बेमेतरा होते हुए कबीरधाम पहुंचेगी। इसके बाद टीम मध्य प्रदेश में प्रवेश करेगी और जबलपुर, भोपाल तथा इंदौर से होते हुए आगे बढ़ेगी। विभिन्न राज्यों की टीमों के साथ यात्रा करते हुए रैली 31 अक्टूबर को गुजरात के एकता नगर पहुंचेगी।

रैली का उद्देश्य देश की आंतरिक एकता और अखंडता को मजबूत करने के साथ भावी पीढ़ी को नशे से दूर रखने के लिए जागरूक करना है। आयोजकों के अनुसार, यह अभियान ‘एक भारत, श्रेष्ठ भारत’ की भावना को आगे बढ़ाने और नशामुक्त समाज के निर्माण का संदेश देगा।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here