
महासमुंद में राष्ट्रीय राजमार्ग-353 पर देवाशीष स्कूल के पास हुआ हादसा, मरीज को इलाज के बाद ओडिशा लेकर जा रही थी एंबुलेंस
महासमुंद जिले में राष्ट्रीय राजमार्ग-353 पर शनिवार को भीषण सड़क हादसा हो गया। इलाज के बाद एक मरीज को लेकर ओडिशा जा रही एंबुलेंस सड़क किनारे खड़ी ट्रक के पीछे जा घुसी। हादसे में दो महिलाओं की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि दो महिलाएं और एक पुरुष गंभीर रूप से घायल हो गए। घटना बागबाहरा थाना क्षेत्र की है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, एंबुलेंस मरीज को इलाज के बाद ओडिशा लेकर जा रही थी। इसी दौरान बागबाहरा थाना क्षेत्र में देवाशीष स्कूल के पास एंबुलेंस अनियंत्रित हो गई और सड़क पर खड़ी ट्रक के पीछे जा टकराई।
टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि एंबुलेंस का अगला हिस्सा बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया। हादसे में दो महिलाओं ने मौके पर ही दम तोड़ दिया, जबकि तीन अन्य लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। घायल महिलाओं और पुरुष को उपचार के लिए अस्पताल पहुंचाया गया।



















