आर्थराइटिस के शुरुआती संकेतों को न करें नजरअंदाज, सुबह की अकड़न और जोड़ों का दर्द हो सकता है चेतावनी

0
7

रूमेटाइड और ऑस्टियोआर्थराइटिस में दिखते हैं अलग-अलग लक्षण, डॉक्टर ने समय पर जांच और नियमित व्यायाम की दी सलाह

सुबह सोकर उठने के बाद हाथ-पैरों में अकड़न, उंगलियों को मोड़ने में परेशानी या जोड़ों में लगातार दर्द होना आर्थराइटिस के शुरुआती संकेत हो सकते हैं। अक्सर लोग इन समस्याओं को बढ़ती उम्र, थकान या सामान्य कमजोरी समझकर नजरअंदाज कर देते हैं। हालांकि, लंबे समय तक बने रहने वाले ये लक्षण जोड़ों से जुड़ी बीमारी का संकेत हो सकते हैं।

✦
✧
✦
🪔 FESTIVE GREETINGS 🪔
Alok Pandey Festival Greetings
✨ दीपावली एवं सभी पर्वों की हार्दिक शुभकामनाएँ ✨
✺

दिल्ली स्थित श्री बालाजी एक्शन मेडिकल इंस्टीट्यूट के ऑर्थोपेडिक्स विभाग के निदेशक एवं प्रमुख डॉ. एच.एस. छाबड़ा के अनुसार, आर्थराइटिस के कुछ शुरुआती लक्षणों को समय रहते पहचानना और चिकित्सकीय सलाह लेना जरूरी है।

आर्थराइटिस के प्रमुख प्रकार

डॉ. छाबड़ा बताते हैं कि आर्थराइटिस कई प्रकार का होता है, जिनमें रूमेटाइड आर्थराइटिस और ऑस्टियोआर्थराइटिस प्रमुख हैं।

रूमेटाइड आर्थराइटिस: यह एक ऑटोइम्यून बीमारी है। इसमें शरीर की रोग प्रतिरोधक क्षमता गलती से अपने ही जोड़ों पर हमला करने लगती है। इसके कारण जोड़ों में सूजन, दर्द और अकड़न होने लगती है। सुबह उठने के बाद होने वाली अकड़न आमतौर पर 30 मिनट से अधिक समय तक रह सकती है।

ऑस्टियोआर्थराइटिस: इसमें जोड़ों के बीच मौजूद कार्टिलेज धीरे-धीरे घिसने लगता है। इससे चलने-फिरने, सीढ़ियां चढ़ने या सामान उठाने पर दर्द हो सकता है। इसके अलावा जोड़ों में सूजन, गर्माहट, लालिमा, उंगलियों की पकड़ कमजोर होना और घुटनों में दर्द भी इसके लक्षण हो सकते हैं।

इन संकेतों को न करें नजरअंदाज

डॉक्टर के अनुसार, निम्नलिखित लक्षण दिखाई देने पर सतर्क रहना चाहिए:

सुबह उठने के बाद हाथ-पैरों या जोड़ों में लंबे समय तक अकड़न रहना।

  • जोड़ों में लगातार दर्द और सूजन होना।
  • प्रभावित हिस्से में लालिमा या गर्माहट महसूस होना।
  • उंगलियों को मोड़ने या किसी वस्तु को पकड़ने में परेशानी होना।
  • चलने-फिरने और रोजमर्रा के काम करने में कठिनाई होना।

यदि ये समस्याएं कई दिनों तक बनी रहें या धीरे-धीरे बढ़ने लगें, तो डॉक्टर से परामर्श लेना चाहिए।

 कैसे कर सकते हैं आर्थराइटिस को नियंत्रित?

डॉ. छाबड़ा के मुताबिक, जोड़ों में लगातार दर्द और अकड़न को सामान्य समस्या समझकर नजरअंदाज नहीं करना चाहिए। समय पर चिकित्सकीय परामर्श और जरूरी जांच से बीमारी की पहचान करने तथा उचित उपचार शुरू करने में मदद मिलती है।

इसके अलावा नियमित रूप से हल्का व्यायाम करना, शरीर का वजन नियंत्रित रखना और संतुलित खानपान अपनाना फायदेमंद हो सकता है। जोड़ों पर जरूरत से ज्यादा दबाव डालने वाली गतिविधियों से भी बचना चाहिए।

विशेषज्ञों के अनुसार, शुरुआती लक्षणों की पहचान और समय पर उपचार से आर्थराइटिस के प्रभाव को नियंत्रित करने तथा रोजमर्रा की गतिविधियों को बेहतर बनाए रखने में मदद मिल सकती है।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here