कोरबा में भाजपा नेता अक्षय गर्ग की दिनदहाड़े हत्या

0
73

कोरबा । कोरबा जिले में मंगलवार सुबह भाजपा नेता अक्षय गर्ग की निर्मम हत्या कर दी गई। इस सनसनीखेज वारदात से पूरे जिले में हड़कंप मच गया है। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस अधीक्षक सिद्धार्थ तिवारी मौके के लिए रवाना हो गए। मामला जटगा पुलिस चौकी क्षेत्र का है।

मृतक अक्षय गर्ग कोरबा जिले के कटघोरा स्थित कारखाना मोहल्ला के निवासी थे। वे भाजपा के सक्रिय नेता थे और जनपद सदस्य रहने के साथ ही जनपद उपाध्यक्ष के पद पर भी रह चुके थे। इसके अलावा वे ठेकेदारी का काम भी करते थे। उन्हें ग्राम केशलपुर में प्रधानमंत्री ग्राम सड़क योजना के तहत सड़क निर्माण का ठेका मिला था।

मिली जानकारी के अनुसार मंगलवार सुबह करीब 9 से 10 बजे के बीच अक्षय गर्ग सड़क निर्माण कार्य का निरीक्षण करने अपनी साइट पर पहुंचे थे। इसी दौरान एक काले रंग की कार में सवार तीन हमलावर वहां पहुंचे और धारदार हथियारों से उन पर ताबड़तोड़ हमला कर दिया। हमले में उनके हाथ, सिर, गर्दन, पेट, पीठ समेत शरीर के कई हिस्सों पर गंभीर चोटें आईं। वारदात को अंजाम देने के बाद आरोपी कार से मौके से फरार हो गए।

घटना के बाद मौके पर मौजूद मजदूरों और ग्रामीणों ने गंभीर रूप से घायल अक्षय गर्ग को तत्काल सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र कटघोरा पहुंचाया, लेकिन रास्ते में ही उन्होंने दम तोड़ दिया। अस्पताल पहुंचने पर डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया।

हत्या की खबर फैलते ही अक्षय गर्ग के परिजन, समर्थक और भाजपा कार्यकर्ता बड़ी संख्या में अस्पताल पहुंच गए। पूरे इलाके में तनाव का माहौल है। वहीं पुलिस अधीक्षक सिद्धार्थ तिवारी सहित वरिष्ठ अधिकारी घटनास्थल और अस्पताल पहुंचे और मामले की जानकारी ली।

बताया जा रहा है कि अक्षय गर्ग कटघोरा क्षेत्र के लोकप्रिय नेता थे। फिलहाल यह स्पष्ट नहीं हो पाया है कि हत्या के पीछे राजनीतिक रंजिश है या ठेकेदारी से जुड़ा कोई व्यावसायिक विवाद। पुलिस ने जिलेभर में नाकाबंदी कर दी है और हमलावरों की तलाश में सघन जांच अभियान चलाया जा रहा है। मामले की हर पहलू से जांच की जा रही है।

0Shares

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here