नहर पुल की रेलिंग चोरी का खुलासा : 5 आरोपी गिरफ्तार, कई फरार…

0
182

कोरबा । रशियन हॉस्टल के पास स्थित नहर पुल की लोहे की रेलिंग काटकर चोरी करने के मामले में कोरबा पुलिस ने बड़ी सफलता हासिल करते हुए 5 आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से करीब 5 टन कटी हुई लोहे की रेलिंग सहित वाहन और गैस कटर समेत अन्य सामान बरामद किया है।

क्या है मामला?

पुलिस के अनुसार यह घटना 17 जनवरी की दरमियानी रात की है। इस संबंध में चौकी सीएसईबी, थाना सिविल लाइन रामपुर में अज्ञात चोरों के खिलाफ लिखित शिकायत दर्ज कराई गई थी। शिकायत के आधार पर अपराध क्रमांक 53/2026 धारा 303(2), 112(2), 317(2)(4) बीएनएस के तहत मामला पंजीबद्ध कर जांच शुरू की गई।

मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस अधीक्षक कोरबा सिद्धार्थ तिवारी के निर्देश पर अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक लखन पटले एवं नगर पुलिस अधीक्षक प्रतीक चतुर्वेदी के मार्गदर्शन में विशेष टीम गठित की गई, जिसमें साइबर सेल कोरबा और चौकी सीएसईबी पुलिस को शामिल किया गया।

तकनीकी साक्ष्यों, मुखबिर की सूचना और सतत पतासाजी के आधार पर पुलिस ने कुल 15 आरोपियों की पहचान की, जिनमें से 5 आरोपियों को गिरफ्तार किया गया। पूछताछ के दौरान आरोपियों ने गैस कटर की मदद से पुल की लोहे की रेलिंग काटकर चोरी करना स्वीकार किया।

गिरफ्तार आरोपियों में लोचन केवट (20 वर्ष), जयसिंह राजपूत (23 वर्ष), मोती प्रजापति (27 वर्ष), सुमित साहू (19 वर्ष) और केशवपुरी गोस्वामी उर्फ पिच्चर (22 वर्ष) शामिल हैं। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से लगभग 5 टन लोहे की रेलिंग, एक टाटा एस (छोटा हाथी) वाहन, एक स्प्लेंडर मोटरसाइकिल, गैस कटर मशीन, ऑक्सीजन सिलेंडर, एलपीजी सिलेंडर, मोबाइल फोन तथा ₹6,000 नगद बरामद किए हैं।

सभी आरोपियों को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर भेज दिया गया है। पुलिस ने बताया कि इस मामले में अन्य आरोपी अभी फरार हैं, जिनकी तलाश जारी है और शीघ्र ही उन्हें भी गिरफ्तार कर विधिसम्मत कार्रवाई की जाएगी।

0Shares

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here