सीसीटीवी-मोशन सेंसर से लैस हाइडआउट पर दबिश, दो नशे के सौदागर गिरफ्तार

0
9

रायपुर । डीसीपी सेंट्रल जोन के निर्देशन में नशे के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत थाना सिटी कोतवाली पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए गांजा पैकिंग और फुटकर बिक्री के लिए बनाए गए एक हाइडआउट पर दबिश दी। पुलिस ने मौके से 7 किलो 397 ग्राम गांजा सहित पैकिंग और निगरानी में प्रयुक्त इलेक्ट्रॉनिक उपकरण बरामद किए हैं। दो आरोपियों को गिरफ्तार किया गया है।

पुलिस को 23-24 फरवरी की दरम्यानी रात मुखबिर से सूचना मिली थी कि नेहरू नगर, नरैय्या तालाब क्षेत्र में दो व्यक्ति गांजा की पुड़िया बनाकर बिक्री कर रहे हैं। सूचना पर तत्काल घेराबंदी कर दबिश दी गई, जहां से दो व्यक्तियों को पकड़ा गया।

गिरफ्तार आरोपियों की पहचान

अब्दुल जाफर (32 वर्ष), निवासी नेहरू नगर, थाना सिटी कोतवाली

सुनील जगत (28 वर्ष), निवासी सुदामा नगर, थाना टिकरापारा

 

तलाशी के दौरान आरोपियों के पास से फुटकर बिक्री के लिए रखी गई गांजा की पुड़िया और नगद राशि बरामद की गई। पूछताछ में मिले मेमोरेंडम के आधार पर पुलिस ने नेहरू नगर कालीबाड़ी क्षेत्र में नाले के पास स्थित एक हाइडआउट पर छापा मारा। वहां से दो प्लास्टिक बोरियों में रखा कुल 7.397 किलोग्राम गांजा (अनुमानित कीमत ₹85,000) जब्त किया गया।

जांच में सामने आया कि आरोपियों ने पुलिस से बचने के लिए हाइडआउट के मुख्य द्वार पर मोशन सेंसर और आसपास के रास्तों पर दो सीसीटीवी कैमरे लगा रखे थे। मौके से गांजा पैकिंग में प्रयुक्त भारी मात्रा में प्लास्टिक झिल्ली, इलेक्ट्रॉनिक तौल मशीन, वाई-फाई उपकरण और अन्य इलेक्ट्रॉनिक सामान भी जब्त किया गया।

कार्रवाई में उप निरीक्षक जानकी शरण मरावी के नेतृत्व में प्रधान आरक्षक डोली नेताम, आरक्षक शिवराज बघेल, मुकेश सिंह और गिरधर प्रजापति की महत्वपूर्ण भूमिका रही।

पुलिस ने आरोपियों के विरुद्ध धारा 20(b) और 29 एनडीपीएस एक्ट के तहत अपराध पंजीबद्ध कर 24 फरवरी 2026 को विधिवत गिरफ्तार किया है। मामले में गांजा तस्करी के बैकवर्ड लिंक और सप्लायर नेटवर्क की भी गंभीरता से जांच की जा रही है।

रायपुर पुलिस कमिश्नरेट ने स्पष्ट किया है कि मादक पदार्थों की तस्करी में संलिप्त तत्वों के खिलाफ सख्त और निरंतर कार्रवाई आगे भी जारी रहेगी।

0Shares

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here