छत्तीसगढ़ महतारी की प्रतिमा तोड़ी, 24 घंटे के भीतर आरोपी गिरफ्तार

0
62

रायपुर । राजधानी रायपुर में छत्तीसगढ़ महतारी की प्रतिमा तोड़फोड़ मामले में पुलिस ने बड़ी सफलता हासिल की है। घटना के 24 घंटे के भीतर ही पुलिस ने आरोपी मनोज कुर्रे को गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस के अनुसार आरोपी मानसिक रूप से कमजोर है और फिलहाल उसका मेडिकल परीक्षण कराया जा रहा है।

VIP चौक पर हुई थी घटना

घटना तेलीबांधा थाना क्षेत्र के अंतर्गत VIP चौक की है, जहां शनिवार देर रात अज्ञात व्यक्ति ने छत्तीसगढ़ महतारी की प्रतिमा को खंडित कर दिया था। सुबह जब लोगों की नजर टूटी प्रतिमा पर पड़ी, तो पूरे शहर में आक्रोश और विरोध की लहर फैल गई। छत्तीसगढ़ क्रांति सेना समेत कई सामाजिक संगठनों ने प्रदर्शन करते हुए आरोपी की गिरफ्तारी और प्रतिमा की पुनर्स्थापना की मांग की थी।

तीन विशेष टीमें लगाई गई थीं

प्रदर्शन और विरोध के बाद रायपुर पुलिस ने मामले को गंभीरता से लेते हुए तीन विशेष टीमें गठित कीं। पुलिस ने CCTV फुटेज खंगालते हुए संदिग्ध की पहचान की और 24 घंटे के भीतर आरोपी मनोज कुर्रे को सोमवार सुबह राम मंदिर इलाके से गिरफ्तार कर लिया। आरोपी सारंगढ़ के पुसौर क्षेत्र का रहने वाला बताया जा रहा है।

आरोपी मानसिक रूप से अस्थिर

तेलीबांधा थाना प्रभारी ने बताया कि प्रारंभिक जांच में आरोपी मानसिक रूप से कमजोर प्रतीत हो रहा है। उसके खिलाफ मेडिकल जांच कराई जा रही है ताकि यह स्पष्ट हो सके कि घटना उसने जानबूझकर की या मानसिक अस्थिरता के कारण।

बवाल के बाद नई प्रतिमा स्थापित

घटना के बाद छत्तीसगढ़ क्रांति सेना और अन्य संगठनों ने रविवार को VIP चौक पर प्रदर्शन और चक्काजाम किया था। इस दौरान पुलिस और प्रदर्शनकारियों के बीच झड़प भी हुई। बढ़ते विवाद और तनाव के बीच प्रशासन ने सोमवार सुबह छत्तीसगढ़ महतारी की नई प्रतिमा स्थापित कर दी।

पुलिस की अपील

रायपुर पुलिस ने नागरिकों से शांति बनाए रखने की अपील की है। अधिकारियों ने कहा कि आरोपी को गिरफ्तार कर लिया गया है, अब किसी भी अफवाह या भड़काऊ संदेश पर विश्वास न करें।

0Shares

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here