सिटी कोतवाली पहुंचे कांग्रेस कार्यकर्ता, भाजपा नेताओं पर कार्रवाई की मांग

0
59

रायगढ़ । खरसिया विधायक उमेश पटेल की छवि धूमिल करने के आरोप में शुक्रवार को कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने रायगढ़ सिटी कोतवाली पहुंचकर भाजपा नेताओं पर कार्रवाई की मांग की। कांग्रेस का कहना है कि भाजपा नेताओं ने सोशल मीडिया और प्रिंट मीडिया के माध्यम से उमेश पटेल और पार्टी की छवि खराब करने की साज़िश रची है।

शिकायत सौंपने पहुंचे कांग्रेस कार्यकर्ताओं में जिला कांग्रेस ग्रामीण अध्यक्ष नगेंद्र नेगी, शहर अध्यक्ष अनिल शुक्ला, पूर्व विधायक प्रकाश नायक, वरिष्ठ नेता दीपक पांडेय, महिला कांग्रेस अध्यक्ष रानी चौहान, पूर्व महापौर जानकी काटजू सहित बड़ी संख्या में कार्यकर्ता शामिल रहे।

 

मामला क्या है?

कांग्रेस नेताओं के अनुसार, 16 सितंबर को रायगढ़ में कांग्रेस की “वोट अधिकार रैली” आयोजित हुई थी। इस रैली का नेतृत्व राजस्थान के पूर्व उपमुख्यमंत्री और प्रदेश कांग्रेस प्रभारी सचिन पायलट ने किया। उनके साथ प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष दीपक बैज और खरसिया विधायक उमेश पटेल भी मौजूद थे।

काफिले के दौरान एक वाहन पर लगे बैनर में “वोटर अधिकार” का प्रतीक चिन्ह (चक्र की आकृति) दर्शाया गया था। उसी वाहन पर बैठे उमेश पटेल की तस्वीर को लेकर भाजपा नेताओं ने सोशल मीडिया व प्रिंट मीडिया में अशोक चिन्ह के अपमान का आरोप लगाया। कांग्रेस का कहना है कि यह आरोप पूरी तरह निराधार है और विधायक की साफ-सुथरी छवि को धूमिल करने का प्रयास है।

भाजपा नेताओं पर लगाए आरोप

कांग्रेस ने अपने शिकायत पत्र में भाजपा नेताओं अरुण धर दीवान, प्रवीण द्विवेदी, मनोज शर्मा, सनत नायक, विकास केडिया, पवन शर्मा, सूरज शर्मा, पीयूष चौवल, अरुण विदखेरी, सौरभ चौधरी, जेमनी गुप्ता, मनीष रावलानो, गोपाल अग्रवाल, टिकेश्वर डनसेना, ओमकार तिवारी, आलोक पटेल, शैलेष माली, महेश साहू, प्रतीक अग्रवाल और नरेश पटेल पर अफवाह फैलाने और मानहानि का आरोप लगाया है।

आंदोलन की चेतावनी

कांग्रेस नेताओं ने थाना प्रभारी से मांग की है कि भाजपा नेताओं पर शीघ्र अपराध पंजीबद्ध कर कार्रवाई की जाए। उनका कहना है कि यदि पुलिस ने दोषियों के खिलाफ कार्यवाही नहीं की, तो कांग्रेस बड़ा आंदोलन छेड़ेगी।

0Shares

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here