महाराष्ट्र के पूर्व मंत्री राज के. पुरोहित का निधन

0
49

मुंबई । भारतीय जनता पार्टी के नेता और महाराष्ट्र के पूर्व मंत्री राज के. पुरोहित का बीमारी के कारण रविवार को 71 वर्ष की उम्र में निधन हो गया। राज के. पुरोहित मुंबई में उत्तर भारतीय समुदायों के मुद्दों को जोर-शोर से उठाने के लिए जाने जाते थे। सूत्रों ने बताया कि, शनिवार को मुंबई के एक निजी अस्पताल में पुरोहित ने अंतिम सांस ली। मुंबई भाजपा के प्रमुख चेहरों में से एक पुरोहित पार्टी की मुंबई इकाई के अध्यक्ष रह चुके थे और महाराष्ट्र सरकार में मंत्री भी रहे थे। इसके अलावा, वह 2014 से 2019 तक विधानसभा में भाजपा के मुख्य सचेतक थे। पुरोहित को एक समय मुंबई भाजपा के सबसे प्रभावशाली नेताओं में से एक माना जाता था, उनका दक्षिण मुंबई में खासा प्रभाव था।

पुरोहित को 2019 के महाराष्ट्र विधानसभा चुनाव में टिकट नहीं दिया गया था। पार्टी नेताओं ने कहा कि उनके निधन के कारण महाराष्ट्र ने एक दिग्गज राजनीतिक और सामाजिक विद्वान खो दिया है, जिनका जमीनी स्तर पर लोगों से गहरा जुड़ाव था। भाजपा के राष्ट्रीय महासचिव विनोद तावड़े ने श्रद्धांजलि अर्पित करते हुए कहा कि उन्हें पुरोहित के निधन की खबर सुनकर गहरा दुख हुआ।

राष्ट्रीय महासचिव विनोद तावड़े ने दे श्रद्धांजलि

विनोद तावड़े ने ‘एक्स’ पर लिखा, “मुंबई नगर निगम के पार्षद, विधानसभा सदस्य और महाराष्ट्र सरकार में मंत्री रहे मेरे दोस्त राज पुरोहित एक लोकप्रिय जनप्रतिनिधि थे, जिनका लोगों से गहरा जुड़ाव था।” उन्होंने कहा कि पुरोहित को मुंबई में रहने वाले प्रवासी किरायेदारों का सबसे बड़ा ‘मसीहा’ माना जाता था और उन्होंने उनके उत्थान के लिए अपना जीवन समर्पित कर दिया। तावड़े ने कहा, “उनका निधन महाराष्ट्र भाजपा के साथ-साथ मेरे लिए व्यक्तिगत रूप से एक अपूरणीय क्षति है। मैं भगवान से प्रार्थना करता हूं कि वह उनकी आत्मा को शांति और शोक संतप्त परिवार व समर्थकों को संबल प्रदान करें।”

बेटे ने BMC चुनाव में दर्ज की है जीत

हाल ही में संपन्न हुए बृहन्मुंबई महानगरपालिका (बीएमसी) चुनाव में, राज पुरोहित के बेटे और भाजपा नेता आकाश पुरोहित ने वार्ड संख्या 221 से जीत हासिल की। सूत्रों ने बताया कि विधायक और पूर्व मंत्री राज पुरोहित के पार्थिव शरीर को रविवार को पूर्वाह्न 11 बजे से एक बजे तक मुंबई के मरीन ड्राइव पर स्थित राजहंस बिल्डिंग में श्रद्धांजलि अर्पित करने के लिए रखा जाएगा।

0Shares

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here