बिलासपुर | जिले में एक सनसनीखेज घटना सामने आई है, जहां अरपा नदी के पुराने पुल के पास एक व्यक्ति का शव तैरता मिला। मृतक की पहचान भाटापारा निवासी और हाईकोर्ट के अधिवक्ता राहुल अग्रवाल के रूप में हुई है, जो पिछले सात वर्षों से बिलासपुर के मंगला क्षेत्र में रहकर वकालत कर रहे थे।
जानकारी के अनुसार, गुरुवार की रात राहुल अग्रवाल अपने एक मित्र की शादी में मोपका गए थे। देर रात करीब 12 बजे उनकी कार अरपा पुल के बीचोंबीच खड़ी मिली, जिसे पुलिस ने रात तीन बजे थाने पहुंचाया। इसी बीच उनके परिजनों ने गुमशुदगी की रिपोर्ट दर्ज कराई थी। शुक्रवार रात कुछ युवकों ने नदी में तैरता हुआ शव देखा और पुलिस को सूचना दी। एसडीआरएफ टीम ने मौके पर पहुंचकर काफी मशक्कत के बाद शव को बाहर निकाला।

पुलिस ने मर्ग कायम कर मामले की जांच शुरू कर दी है। प्रारंभिक जांच में आत्महत्या की आशंका जताई जा रही है, हालांकि पुलिस सभी पहलुओं से मामले की पड़ताल कर रही है। अधिवक्ता राहुल अग्रवाल की मौत से कानूनी जगत में शोक की लहर है।
























