गुरुकुल के क्रीड़ा शिक्षक रामू ठाकुर का इंडोनेशिया-इंडिया बॉल बैडमिंटन टेस्ट सीरीज में चयन

0
48

कवर्धा । गुरुकुल पब्लिक स्कूल के क्रीड़ा शिक्षक रामू सिंह ठाकुर का चयन इंडोनेशिया-इंडिया बॉल बैडमिंटन टेस्ट सीरीज के लिए भारतीय टीम में हुआ है। उनके चयन से विद्यालय सहित पूरे जिले में हर्ष का माहौल है।

विद्यालय के मीडिया प्रभारी एवं हिंदी पीजीटी डॉ. विजय कुमार शाही ने प्रेस विज्ञप्ति जारी कर बताया कि बॉल बैडमिंटन खेल भारत के साथ-साथ इंडोनेशिया में भी तेजी से लोकप्रिय हो रहा है। इसी क्रम में इस वर्ष इंडोनेशिया में इंडिया-इंडोनेशिया बॉल बैडमिंटन टेस्ट सीरीज का आयोजन किया जा रहा है। प्रतियोगिता के लिए भारत से 10 खिलाड़ियों का चयन किया गया है, जिनमें छत्तीसगढ़ से एकमात्र प्रतिनिधि के रूप में रामू सिंह ठाकुर शामिल हैं।

भारतीय टीम के चयन के लिए 7 से 9 अक्टूबर तक दिल्ली के विकासपुरी मैदान में ट्रायल आयोजित किए गए थे। देशभर से 173 खिलाड़ियों ने इसमें हिस्सा लिया। चयन प्रक्रिया के दौरान तकनीक, फिटनेस, कोर्ट कवरेज और मैच रणनीति के आधार पर खिलाड़ियों का मूल्यांकन किया गया। कड़ी प्रतिस्पर्धा के बीच रामू सिंह ठाकुर ने उत्कृष्ट प्रदर्शन कर चयनकर्ताओं को प्रभावित किया।

यह टेस्ट सीरीज इंडोनेशिया के बाली में 13 से 19 फरवरी तक आयोजित की जा रही है। रामू सिंह 10 फरवरी को भारतीय दल के साथ इंडोनेशिया के लिए रवाना हो चुके हैं।

विद्यालय के प्राचार्य मनोज कुमार राय ने उन्हें बधाई देते हुए कहा कि गुरुकुल में हर क्षेत्र में प्रतिभावान शिक्षक कार्यरत हैं, जो देश और प्रदेश का नाम रोशन कर रहे हैं। उन्होंने विश्वास जताया कि रामू सिंह भारतीय टीम को विजयी बनाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएंगे।

संस्था के अध्यक्ष, निदेशक मंडल, प्रशासक, शिक्षकगण एवं विद्यार्थियों ने इस उपलब्धि पर रामू सिंह ठाकुर को हार्दिक बधाई और शुभकामनाएं दी हैं।

0Shares

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here