गौण्ड जनजातीय समुदाय के चरित्र एवं ऐतिहासिक नायकों पर केन्द्रित जननायक गौण्ड इतिहास की नृत्य नाट्य प्रस्तुतियों के तीन दिवसीय समारोह का आयोजन शासकीय पॉलिटेक्निक कॉलेज हरदा में किया जा रहा है। मंगलवार को भारत सरकार के अनुसूचित जनजाति कार्य विभाग के केन्द्रीय राज्य मंत्री श्री दुर्गादास उइके ने कार्यक्रम का भारत माता एवं बिरसा मुंडा की फोटो पर माल्यार्पण व दीप प्रज्जवलन कर किया। कार्यक्रम में नवीन सिंह एवं उनके दल ने राजा हीराखान सिंह के चरित्र को प्रदर्शित करने वाले नृत्य नाट्य की रंगारंग प्रस्तुतियां दी। राजा हीराखान सिंह नृत्य नाट्य में बताया गया कि किस प्रकार उन्होने अपने बल और पराक्रम से सभी बड़े योद्धाओं को परास्त किया। कार्यक्रम में नगर पालिका अध्यक्ष भारतीय राजू कमेड़िया, पूर्व विधायक टिमरनी संजय शाह, जिला भाजपा अध्यक्ष राजेश वर्मा, जिला पंचायत उपाध्यक्ष दर्शन सिंह गहलोत, जिला पंचायत की मुख्य कार्यपालन अधिकारी अंजली जोसेफ, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक अमित कुमार मिश्रा, जिला पंचायत सदस्य कमलेश सेजकर, अतिरिक्त मुख्य कार्यपालन अधिकारी प्रवीण इवने सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी कर्मचारी, जनप्रतिनिधि व नागरिक उपस्थित थे। केन्द्रीय मंत्री श्री उइके ने उद्बोधन में कहा कि आज जनजातीय लोक कला एवं बोली विकास अकादमी मध्यप्रदेश संस्कृति परिषद द्वारा गौण्ड जनजातीय समुदाय के चरित्र एवं ऐतिहासिक नायकों पर केन्द्रित जननायक गौण्ड इतिहास की नृत्य नाट्य प्रस्तुतियां समारोह के आयोजन किया है वो आदिवासी जननायकों के वीरगाथाएं का वर्णन किया गया। आदिवासियों को वन का राजा कहा जाता था। ये गौरवशाली अतीत जनजाति समाज का है। गौण्ड नायकों के व्यक्तित्व के ऊपर यह नाट्य कार्यक्रम आयोजित किया गया। जिला संयोजक रवि कनौजिया ने बताया कि जनजातीय लोक कला एवं बोली विकास अकादमी मध्यप्रदेश संस्कृति परिषद द्वारा गौण्ड जनजातीय समुदाय के चरित्र एवं ऐतिहासिक नायकों पर केन्द्रित जननायक गौण्ड इतिहास की नृत्य नाट्य प्रस्तुतियां समारोह के आयोजन के लिये गौण्ड शासकों द्वारा स्थापित 52 गढ़ों में से 30 गढ़ों पर उनके ही चरित्र पर ऐतिहासिक नायकों पर केन्द्रित तैयार नृत्य नाटिकाओं के प्रदर्शन कराने का निर्णय लिया गया है। उन्होने बताया कि संस्कृति विभाग के दल द्वारा 12 नवम्बर को राजा पेमल शाह के चरित्र को प्रदर्शित करने वाले नृत्य नाट्य की प्रस्तुतियां दी जाएगी। ’बांस शिल्पकार एवं स्व-सहायता समूहों द्वारा तैयार उत्पादों की लगी प्रदर्शनी’ मध्यप्रदेश के स्थापना दिवस के अवसर पर पॉलिटेक्निक कॉलेज सभाकक्ष में आयोजित जिला स्तरीय कार्यक्रम में ग्रामीण एवं शहरी आजीविका मिशन द्वारा गठित महिला स्व सहायता समूहों द्वारा तैयार उत्पादों की प्रदर्शनी भी लगाई गई। वन विभाग द्वारा निर्मित एक जिला एक उत्पाद के तहत बांस की प्रदर्शनी लगाई गई।
























