‘तुम्बाड 2’ होगी और भी भव्य, मुंबई में 7-8 एकड़ में बनेगा विशाल सेट
मुंबई हिंदी सिनेमा की चर्चित फिल्म ‘तुम्बाड’ के सीक्वल को लेकर बड़ी अपडेट सामने आई है। ‘तुम्बाड 2’ को इस बार पहले से भी बड़े और भव्य स्तर पर बनाने की तैयारी की जा रही है।
सूत्रों के मुताबिक, फिल्म के पहले शेड्यूल के लिए मुंबई में 7-8 एकड़ में फैला एक विशाल सेट तैयार किया जा रहा है, जिसे एक पूरी ‘सिटी’ (शहर) की तरह डिजाइन किया जाएगा। यह सेट फिल्म की स्केल और विजन को दर्शाता है, जिसे मेकर्स पहले भाग से कहीं ज्यादा ग्रैंड बनाना चाहते हैं।
जानकारी के अनुसार, फिल्म की कहानी को लेकर अभी ज्यादा खुलासा नहीं किया गया है, लेकिन इतना तय है कि सोहम शाह एक बार फिर अपने पुराने किरदार में नजर आएंगे।
‘तुम्बाड’ को हिंदी सिनेमा की बेहतरीन हॉरर फिल्मों में गिना जाता है और 2024 में दोबारा रिलीज होने पर इसने जबरदस्त सफलता हासिल की थी। इसके बाद से ही दर्शक इसके सीक्वल का बेसब्री से इंतजार कर रहे हैं।
यह फिल्म सोहम शाह फिल्म्स और पेन स्टूडियोज के बैनर तले बनाई जा रही है। पेन स्टूडियोज पहले भी ‘RRR’ और ‘गंगूबाई काठियावाड़ी’ जैसी बड़ी फिल्मों से जुड़ा रहा है।
बताया जा रहा है कि ‘तुम्बाड 2’ इस साल के अंत तक फ्लोर पर जाएगी और इसे हिंदी सिनेमा के सबसे बड़े हॉरर प्रोजेक्ट्स में से एक माना जा रहा है।























