व्यापारी के सूने मकान में बड़ी चोरी, 4.90 लाख के जेवरात पार

0
42

दुर्ग । जामुल थाना क्षेत्र अंतर्गत कैलाश नगर, लोहिया रोड में एक व्यापारी के घर बड़ी चोरी की घटना सामने आई है। परिवार के बाहर होने का फायदा उठाकर अज्ञात चोरों ने मकान में घुसकर करीब 4.90 लाख रुपये मूल्य के सोने के जेवरात चोरी कर लिए। घटना की सूचना पर पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

जानकारी के अनुसार कैलाश नगर, एकता चौक निवासी आदित्य विक्रम केशरवानी (26) अपने माता-पिता और बहन के साथ 16 जनवरी की रात करीब 7:45 बजे मैहर माता के दर्शन के लिए घर में ताला लगाकर रवाना हुए थे। परिवार 18 जनवरी की सुबह करीब 11 बजे वापस लौटा। घर पहुंचने पर मुख्य गेट का ताला बाहर से सुरक्षित अवस्था में बंद मिला, जिससे किसी अनहोनी का अंदेशा नहीं हुआ।

हालांकि अंदर प्रवेश करने पर घर की कुछ लाइटें जली हुई थीं। किचन का दरवाजा बंद था लेकिन उसका लॉक खुला मिला। जांच करने पर अलमारी का लॉकर टूटा और खुला पाया गया। लॉकर में रखे सोने के दो हार, दो जोड़ी कान के सेट, तीन जोड़ी कंगन, एक कान की नथनी और मंगलसूत्र का पेंडल चोरी हो चुका था। सभी जेवर पुराने व उपयोग में लाए गए थे, जिनकी कीमत करीब 4 लाख 90 हजार रुपये बताई गई है।

पुलिस आसपास के सीसीटीवी फुटेज खंगाल रही है और अज्ञात चोरों की तलाश जारी है।

0Shares

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here