रायपुर । राजधानी में 22 सितंबर से शुरू हो रहे नवरात्रि महापर्व को लेकर तैयारियां जोरों पर हैं। शहर में जगह-जगह दुर्गा पंडाल सजाए जा रहे हैं। इसी बीच जिला प्रशासन ने स्पष्ट कर दिया है कि इस बार नवरात्रि पर्व के दौरान डीजे पर पूरी तरह से प्रतिबंध रहेगा।
कलेक्टर डॉ. गौरव सिंह की अध्यक्षता में हुई दुर्गा उत्सव समिति की बैठक में यह निर्णय लिया गया। उन्होंने कहा कि दुर्गा पंडाल लगाने के लिए नगर निगम से अनुमति लेना अनिवार्य होगा और कोलाहल अधिनियम का सख्ती से पालन करना पड़ेगा।

कलेक्टर ने निर्देश दिया कि धार्मिक आस्था के साथ-साथ शांति और अनुशासन बनाए रखना जरूरी है। उन्होंने चेतावनी दी कि नियमों का उल्लंघन करने वालों पर कड़ी कार्रवाई की जाएगी। साथ ही नागरिकों से अपील की गई कि पर्व को आपसी भाईचारे और सांप्रदायिक सौहार्द के साथ मनाएं।
























