नॉर्वे चेस 2026 में खेलेंगे विश्व चैंपियन गुकेश डोम्माराजू

0
10

स्टावांगर । मौजूदा विश्व चैंपियन गुकेश डोम्माराजू नॉर्वे चेस 2026 में हिस्सा लेंगे और दुनिया के सबसे प्रतिष्ठित शतरंज टूर्नामेंटों में से एक में अपनी मौजूदगी दर्ज कराएंगे। सबसे कम उम्र के निर्विवाद विश्व चैंपियन के रूप में गुकेश ओस्लो पहुंचेंगे, जिससे यह प्रतियोगिता और भी रोमांचक बन गई है।

गौरतलब है कि वर्ष 2024 में गुकेश ने कैंडिडेट्स टूर्नामेंट जीतने के बाद तत्कालीन विश्व चैंपियन डिंग लिरेन को हराकर मात्र 18 वर्ष की आयु में विश्व खिताब अपने नाम किया था। अपनी उपलब्धि पर खुशी जताते हुए गुकेश ने कहा कि नॉर्वे चेस में एक बार फिर दुनिया के सर्वश्रेष्ठ खिलाड़ियों के खिलाफ खेलना उनके लिए बेहद खास होगा।

गुकेश की शतरंज यात्रा कई ऐतिहासिक उपलब्धियों से भरी रही है। वह 2750 रेटिंग पार करने वाले सबसे कम उम्र के खिलाड़ी बने और 12 साल की उम्र में ग्रैंडमास्टर का खिताब हासिल किया। इसके अलावा, उन्होंने चेस ओलंपियाड 2022 में बोर्ड-1 पर व्यक्तिगत स्वर्ण पदक जीता, जबकि 2024 में भारत को टीम गोल्ड दिलाने के साथ-साथ बोर्ड-1 पर व्यक्तिगत गोल्ड भी हासिल किया।

नॉर्वे चेस 2025 में गुकेश तीसरे स्थान पर रहे थे और मैग्नस कार्लसन के खिलाफ अपनी पहली क्लासिकल जीत दर्ज की थी, जो टूर्नामेंट के सबसे चर्चित मुकाबलों में शामिल रही। नॉर्वे चेस की COO बेनेडिक्टे वेस्ट्रे स्कोग ने कहा कि विश्व चैंपियन के रूप में गुकेश की वापसी टूर्नामेंट के लिए बेहद महत्वपूर्ण है और भारत में उनके लाखों प्रशंसक 2026 के मुकाबलों का बेसब्री से इंतजार करेंगे।

0Shares

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here