रायपुर । युवती को लेकर चल रहे पुराने विवाद में एक युवक पर चाकू से जानलेवा हमला कर दिया गया। घटना आजाद चौक थाना क्षेत्र की है। घायल युवक को अस्पताल में भर्ती कराया गया है, जहां उसका इलाज जारी है।
मिली जानकारी के अनुसार, आजाद चौक निवासी अजय साहू मंगलवार को सिल्लूबाड़ी शिवनगर क्षेत्र से गुजर रहा था।
इसी दौरान उसकी मुलाकात राहुल यादव से हो गई। दोनों के बीच पहले से एक युवती को लेकर विवाद चल रहा था। आमना-सामना होते ही दोनों के बीच कहासुनी शुरू हो गई, जो देखते ही देखते मारपीट में बदल गई। आरोप है कि विवाद के दौरान राहुल ने चाकू निकालकर अजय पर हमला कर दिया।
हमले के बाद आरोपी मौके से फरार हो गया। राहगीरों की मदद से अजय ने परिजनों को सूचना दी और पुलिस में शिकायत दर्ज कराई। सूचना पर पहुंची पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू की।
गुरुवार को आरोपी राहुल यादव को गिरफ्तार कर लिया गया। पुलिस ने वारदात में इस्तेमाल चाकू भी बरामद कर लिया है। गिरफ्तारी की पुष्टि थाना प्रभारी ने की है।
























