रायपुर सहित कई क्षेत्रों में मौसम बदला, ओलावृष्टि की चेतावनी

0
14

रायपुर। छत्तीसगढ़ में भीषण गर्मी के बीच मौसम ने अचानक करवट ले ली है। राजधानी रायपुर समेत प्रदेश के कई हिस्सों में गरज-चमक के साथ बारिश और ओलावृष्टि की स्थिति बन गई है। मौसम विभाग (IMD) के अनुसार 19 और 20 मार्च को प्रदेश के विभिन्न क्षेत्रों में तेज हवाएं चलने और बिजली गिरने की आशंका है।

मौसम केंद्र और स्थानीय सूत्रों के मुताबिक पिछले 24 घंटों में कई इलाकों में मानसून जैसा माहौल देखने को मिला। देवभोग में सबसे अधिक 50 मिमी बारिश दर्ज की गई, जबकि करपावंड में 40 मिमी वर्षा हुई। वहीं देवकर में हल्की बारिश के साथ 2 मिमी पानी गिरा।

राजधानी रायपुर में सुबह से ही बादल छाए हुए हैं। शास्त्री चौक, पचपेड़ी नाका और टाटीबंध जैसे इलाकों में शाम तक गरज-चमक के साथ बारिश होने की संभावना जताई गई है। आज शहर का अधिकतम तापमान करीब 34°C और न्यूनतम तापमान 24°C रहने का अनुमान है। हालांकि उमस बढ़ सकती है, लेकिन गर्मी और लू से कुछ राहत मिलने की उम्मीद है।

मौसम विभाग ने चेतावनी दी है कि कुछ क्षेत्रों में तेज बारिश के साथ ओलावृष्टि भी हो सकती है। इस दौरान 40 से 50 किमी प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चल सकती हैं। लोगों को पेड़ों और बिजली के खंभों से दूर रहने तथा खराब मौसम में घरों से बाहर न निकलने की सलाह दी गई है।

फिलहाल प्रदेश में सबसे अधिक तापमान दुर्ग में 35.2°C दर्ज किया गया, जबकि न्यूनतम तापमान भी वहीं 19.2°C रहा। विभाग का कहना है कि इस बारिश से तापमान में गिरावट आएगी, लेकिन मौसम प्रणाली के गुजरने के बाद पारा फिर 2 से 4°C तक बढ़ सकता है।

0Shares

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here