सरदार पटेल जयंती पर सुधा सोसाइटी ने दिया एकता और महिला सशक्तिकरण का संदेश

0
44

11 जरूरतमंद महिलाओं को मिली साइकिल, अतिथियों ने महिलाओं का जिम्मा लिया

रायपुर । लौह पुरुष सरदार वल्लभभाई पटेल की 150वीं जयंती के अवसर पर सामाजिक संस्था सुधा सोसाइटी फाउंडेशन, रायपुर ने एक विशेष कार्यक्रम आयोजित कर उनके आदर्शों को याद किया। कार्यक्रम का उद्देश्य राष्ट्रीय एकता, अखंडता और महिला सशक्तिकरण के संदेश को समाज में प्रसारित करना था।

कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में योग प्रशिक्षक श्रीमती सरला दुआ शामिल हुईं, जो पिछले 10 वर्षों से योग प्रशिक्षण के क्षेत्र में कार्यरत हैं। सुधा सोसाइटी के चेयरमैन जी.के. भटनागर ने कहा कि सरदार पटेल ने भारत को एकजुट कर राष्ट्र की एकता की नींव रखी। उनसे प्रेरणा लेकर संस्था समाज में रचनात्मक कार्यों के साथ-साथ महिलाओं को आत्मनिर्भर बनाने के लिए प्रयासरत है।

महिला सशक्तिकरण की दिशा में कदम

भटनागर ने बताया कि छत्तीसगढ़ में अभी भी कई महिलाएं आर्थिक और सामाजिक रूप से वंचित हैं। इसी को ध्यान में रखते हुए संस्था ने 11 जरूरतमंद महिलाओं को साइकिल वितरित की, ताकि वे अपने रोजगार और आजीविका के लिए लंबी दूरी तय कर सकें। इन महिलाओं में दो विधवा महिलाएं भी शामिल थीं।

सुधा सोसाइटी अपनी ओपन स्कूल, अमसेनी के माध्यम से वंचित बालिकाओं को प्रारंभिक शिक्षा दिलाने और उनकी स्कूल फीस वहन करने का कार्य भी करती है।

11 समाजसेवियों ने महिलाओं को अपनाया

कार्यक्रम में उपस्थित 11 सम्मानित समाजसेवियों ने एक-एक महिला को “गोद” लेने का संकल्प लिया, और उनके भविष्य के मार्गदर्शन व हैंडहोल्डिंग की जिम्मेदारी निभाने का निर्णय किया। इनमें महेंद्र बापना, कौशल चौधरी, विकास शुक्ला, एन.एन. आचार्य, धीरज कुमार, रेणु गुप्ता, राशि पांडे, सुनीता चौधरी, मणिकांत अग्रवाल, विनोद गुप्ता और प्रवीण देवटा शामिल थे।

सांस्कृतिक कार्यक्रम और सम्मान

कार्यक्रम की शुरुआत सुधा ओपन स्कूल की छात्रा महक के स्वागत गीत से हुई। श्रीमती शशि किरण भटनागर, उपाध्यक्ष, ने अतिथियों का स्वागत पौधों के गमलों के साथ किया। कार्यक्रम का संचालन स्वयं जी.के. भटनागर ने किया। अंत में विकास शुक्ला ने संस्था के कार्यों की प्रशंसा करते हुए कहा कि सुधा सोसाइटी समाज के गरीब और वंचित तबकों के जीवन में सकारात्मक परिवर्तन ला रही है। कार्यक्रम का समापन स्वल्पाहार के साथ हुआ।

0Shares

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here