रायपुर छत्तीसगढ़ सरकार खेल, पर्यटन और सांस्कृतिक विरासत को बढ़ावा देने के उद्देश्य से ‘बस्तर हेरिटेज मैराथन 2026’ का आयोजन 22 मार्च को करने जा रही है। ‘बस्तर दौड़ेगा, देश जुड़ेगा’ थीम पर आधारित यह आयोजन राज्य का अब तक का सबसे बड़ा रनिंग इवेंट होगा।
इस मैराथन की शुरुआत जगदलपुर के ऐतिहासिक लालबाग मैदान से होगी और समापन विश्व प्रसिद्ध चित्रकोट जलप्रपात पर किया जाएगा। प्रतिभागियों को दौड़ के दौरान बस्तर की प्राकृतिक सुंदरता और समृद्ध सांस्कृतिक विरासत का अनूठा अनुभव मिलेगा।
मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने इस आयोजन को छत्तीसगढ़ के लिए गौरव का विषय बताते हुए कहा कि यह केवल एक खेल प्रतियोगिता नहीं, बल्कि राज्य की परंपरा, प्रकृति और जनभागीदारी का उत्सव है। उन्होंने कहा कि इस आयोजन से फिटनेस को बढ़ावा मिलेगा और बस्तर को राष्ट्रीय व अंतरराष्ट्रीय पर्यटन मानचित्र पर नई पहचान मिलेगी।
मैराथन में 42 किमी (फुल मैराथन), 21 किमी (हाफ मैराथन), 10 किमी और 5 किमी (फन रन) जैसी श्रेणियां रखी गई हैं, ताकि हर आयु वर्ग के लोग इसमें भाग ले सकें। प्रतिभागियों के लिए कुल 25 लाख रुपये की पुरस्कार राशि निर्धारित की गई है। पंजीकरण शुल्क 299 रुपये रखा गया है, जबकि बस्तर संभाग के प्रतिभागियों के लिए यह पूरी तरह निःशुल्क है।
आयोजन को सफल और सुरक्षित बनाने के लिए पूरे रूट पर रिफ्रेशमेंट पॉइंट्स, मेडिकल सुविधाएं, इमरजेंसी सेवाएं और रूट मैनेजमेंट की व्यवस्था की गई है। सभी प्रतिभागियों को फिनिशर मेडल, ई-सर्टिफिकेट और प्रोफेशनल फोटोग्राफ्स भी दिए जाएंगे। इसके अलावा जुम्बा सेशन और लाइव डीजे जैसे कार्यक्रम भी आयोजित होंगे।
‘रन फॉर नेचर, रन फॉर कल्चर’ की थीम पर आधारित यह मैराथन बस्तर की प्राकृतिक धरोहर और जनजातीय संस्कृति को देश-दुनिया के सामने प्रस्तुत करने का माध्यम बनेगी। मुख्यमंत्री ने देशभर के खिलाड़ियों, फिटनेस प्रेमियों और पर्यटकों से इसमें भाग लेने की अपील की है।
इच्छुक प्रतिभागी आधिकारिक वेबसाइट के माध्यम से पंजीकरण कर सकते हैं। यह आयोजन प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के ‘फिट इंडिया’ और ‘एक भारत श्रेष्ठ भारत’ के विजन से प्रेरित बताया जा रहा है।
























