मुंबई । भारतीय शेयर बाजार ने शुक्रवार को जोरदार तेजी के साथ शुरुआत की। शुरुआती कारोबार में सेंसेक्स 801 अंक (1.08%) बढ़कर 75,008 पर पहुंच गया, जबकि निफ्टी 248 अंक (1.08%) चढ़कर 23,250 पर कारोबार करता नजर आया। इस तेजी में खासतौर पर सरकारी बैंकिंग और एनर्जी सेक्टर के शेयरों का अहम योगदान रहा।

शुरुआती सत्र में निफ्टी पीएसयू बैंक और निफ्टी एनर्जी इंडेक्स टॉप गेनर्स रहे। इसके अलावा मेटल, ऑयल एंड गैस, आईटी, ऑटो, फार्मा और इंफ्रा जैसे लगभग सभी सेक्टरों में खरीदारी देखने को मिली। लार्जकैप के साथ-साथ मिडकैप और स्मॉलकैप शेयरों में भी मजबूती दर्ज की गई।
सेंसेक्स की प्रमुख कंपनियों में टाटा स्टील, एसबीआई, एलएंडटी, एनटीपीसी, इन्फोसिस और आईटीसी के शेयरों में बढ़त रही, जबकि एचडीएफसी बैंक में हल्की गिरावट देखी गई।
विशेषज्ञों का मानना है कि वैश्विक संकेतों में सुधार और ईरान से जुड़े तनाव में संभावित कमी ने बाजार को सहारा दिया है। हालांकि विदेशी निवेशकों की बिकवाली जारी है, वहीं घरेलू निवेशकों की खरीदारी बाजार को समर्थन दे रही है।
























