नई दिल्ली । गृह मंत्रालय ने जानकारी दी है कि ‘सुभाष चंद्र बोस आपदा प्रबंधन पुरस्कार’ के लिए नामांकन पूरे वर्ष खुले रहते हैं और इच्छुक व्यक्ति या संस्थाएं 30 सितंबर तक आवेदन कर सकते हैं।
मंत्रालय के अनुसार, इस प्रतिष्ठित पुरस्कार के विजेताओं की घोषणा हर वर्ष 23 जनवरी को की जाती है, जो नेताजी सुभाष चंद्र बोस की जयंती भी है।
इस पुरस्कार का उद्देश्य आपदा प्रबंधन के विभिन्न क्षेत्रों—जैसे रोकथाम, शमन, तैयारी, बचाव, राहत, पुनर्वास, अनुसंधान, नवाचार और पूर्व चेतावनी प्रणाली—में उत्कृष्ट कार्य करने वाले व्यक्तियों और संस्थानों को सम्मानित करना है।
पुरस्कार के तहत विजेताओं को प्रशस्ति पत्र और पदक, जबकि संस्थानों को प्रशस्ति पत्र और पट्टिका प्रदान की जाती है।
गृह मंत्रालय ने बताया कि आवेदन प्रक्रिया पूरी तरह ऑनलाइन है और इच्छुक उम्मीदवार राष्ट्रीय पुरस्कार पोर्टल (awards.gov.in) के माध्यम से अपना नामांकन जमा कर सकते हैं।























