अम्बिकापुर मुख्यमंत्री विष्णु देव साय की पहल पर आयोजित तीन दिवसीय संभाग स्तरीय ‘सरगुजा ओलंपिक 2026’ के दूसरे दिन खेल मैदानों में जबरदस्त उत्साह और रोमांच देखने को मिला। जिला स्तर से चयनित खिलाड़ी अपने प्रदर्शन से प्रतिभा का लोहा मनवा रहे हैं, खासकर ग्रामीण क्षेत्रों से आए खिलाड़ियों ने शानदार खेल कौशल दिखाकर सभी का ध्यान आकर्षित किया।
हॉकी में जशपुर की बेटियों का दम
महिला हॉकी मुकाबलों में जशपुर की टीम ने बेहतरीन तालमेल और तकनीकी कौशल के दम पर फाइनल में जगह बना ली। टीम की कप्तान सुप्रिया तिग्गा ने इस मंच के लिए शासन का आभार जताते हुए कहा कि इससे ग्रामीण और आदिवासी प्रतिभाओं को आगे आने का अवसर मिला है।
बास्केटबॉल में भी दिखा समन्वय
बास्केटबॉल खिलाड़ियों ने भी आयोजन की सराहना करते हुए कहा कि अलग-अलग जिलों के खिलाड़ियों से सीखने का अवसर मिल रहा है। खिलाड़ियों ने कहा कि ऐसे आयोजन ग्रामीण प्रतिभाओं को आगे बढ़ाने में मददगार साबित होंगे।
एथलेटिक्स में शानदार प्रदर्शन
100 मीटर दौड़ (अंडर-17 पुरुष) में गोविंद गुप्ता (जशपुर) ने पहला स्थान हासिल किया, जबकि ओपन पुरुष वर्ग में टी. नाग. उमेश्वर राव (एमसीबी) विजेता रहे। महिला वर्ग में रिया तिर्की (जशपुर) और अंजु सिंह (सूरजपुर) ने अपने-अपने वर्ग में बाजी मारी।
200 मीटर दौड़ में पुरुष वर्ग में अरुण कुमार (अम्बिकापुर) और महिला वर्ग में सिमरन सिंह (कोरिया) व स्नेहा (कोरिया) ने उत्कृष्ट प्रदर्शन किया।
400 मीटर दौड़ में पुरुष वर्ग में यदुवंश (कोरिया) और विश्वनाथ तिग्गा (जशपुर) विजेता रहे, जबकि महिला वर्ग में प्रज्ञा राजवाड़े (सूरजपुर) और रिया (सूरजपुर) ने पहला स्थान हासिल किया।
अन्य खेलों के परिणाम समाचार लिखे जाने तक प्राप्त नहीं हो सके थे।
समापन में बाईचुंग भूटिया होंगे मुख्य अतिथि
इस भव्य आयोजन के समापन समारोह में भारतीय फुटबॉल टीम के पूर्व कप्तान बाईचुंग भूटिया मुख्य अतिथि के रूप में शामिल होंगे। वे खिलाड़ियों का उत्साहवर्धन करेंगे और कार्यक्रम की गरिमा बढ़ाएंगे।
कुल मिलाकर, ‘सरगुजा ओलंपिक 2026’ न केवल खेल प्रतिभाओं को मंच दे रहा है, बल्कि क्षेत्र में खेल संस्कृति को भी नई दिशा दे रहा है।
























